सरगुजा छात्र पिटाई मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में आक्रोश और चिंता बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सरगा में संचालित एक निजी स्कूल में केजी-1 (KG-01) के 4 वर्षीय मासूम छात्र के साथ शिक्षिका द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। घर लौटने पर जब परिजनों ने बच्चे की ड्रेस बदली, तो पीठ पर डंडे से पिटाई के कई निशान देखकर वे दंग रह गए।
होमवर्क पूरा न होने पर शिक्षिका पर पिटाई का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सरगा स्थित भारत माता बाल विद्या मंदिर में KG-01 में पढ़ने वाले 4 वर्षीय छात्र यशवंत कुमार नागवंशी की पिटाई का आरोप स्कूल की शिक्षिका प्रीति मरकाम पर लगाया गया है। परिजनों के मुताबिक, होमवर्क पूरा नहीं होने से नाराज शिक्षिका ने मासूम बच्चे की डंडे से पिटाई कर दी।
ड्रेस बदलते समय पीठ पर दिखे 5 से अधिक चोट के निशान
स्कूल से घर लौटने के बाद जब परिजन बच्चे के कपड़े बदल रहे थे, तब उनकी नजर मासूम की पीठ पर पड़ी। बच्चे की पीठ पर डंडे से मारे जाने के 5 से अधिक निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। यह देख पूरा परिवार सकते में आ गया और तत्काल सीतापुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

सीतापुर पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पीड़ित छात्र के पिता भीम कुमार नागवंशी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
मामले पर सीतापुर थाने के एएसआई (ASI) नेतराम पैंकरा ने जानकारी दी कि परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। तथ्यों की पड़ताल के बाद प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई और एफआईआर (FIR) दर्ज की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर निजी विद्यालयों में छोटे बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की संवेदनशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
यह भी पढ़ें