छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामला: आरोपी विकास अग्रवाल UAE से भारत लाया गया, रायपुर लाने की तैयारी

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामला में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। मामले के आरोपी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से ‘रेड नोटिस’ वाले आरोपी विकास अग्रवाल को वापस लाने में सफलता हासिल की है। अब उसे छत्तीसगढ़ लाने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी की जा रही है।

शराब सिंडिकेट के ‘मनीमैन’ होने का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, विकास अग्रवाल को शराब सिंडिकेट का ‘मनीमैन’ बताया गया है। उस पर डिस्टिलरी संचालकों से कमीशन वसूलने और उसे सिंडिकेट के अन्य सदस्यों के बीच बांटने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि कमीशन की रकम अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने का काम विकास अग्रवाल के जरिए किया जाता था।

2019 से 2022 के बीच गड़बड़ी, 1280 करोड़ से अधिक नुकसान का आरोप

छत्तीसगढ़ में वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं और सिंडिकेट के माध्यम से अवैध कमीशन वसूली का मामला सामने आया था। आरोप है कि इस नेटवर्क से सरकारी खजाने को 1280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। विकास अग्रवाल पर डिस्टिलरीज से कमीशन एकत्र कर अधिकारियों व लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा अपराध से अर्जित राशि को अलग-अलग कंपनियों और वित्तीय माध्यमों से घुमाने का आरोप है, ताकि स्रोत और असली लाभार्थियों की पहचान छिपाई जा सके।

नवंबर 2024 में दाखिल हो चुकी है चार्जशीट, रायपुर लाने की तैयारी

शराब घोटाले से जुड़े मामले में नवंबर 2024 में अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और आरोपी तब से फरार चल रहा था। अब छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम आरोपी को रायपुर लाने की तैयारी में है। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया से नेटवर्क तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

इंटरपोल रेड नोटिस के जरिए प्रत्यर्पण, 2026 में 78 भगोड़े वापस आए

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर NCB-नई दिल्ली ने इंटरपोल (INTERPOL) के माध्यम से आरोपी के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी कराया था। इसके बाद UAE के अधिकारियों ने लोकेशन ट्रैक कर उसे गिरफ्तार किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय टीम को सौंपा। छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम 27 नवंबर को आरोपी के साथ मुंबई हवाई अड्डे पहुंची।

सीबीआई (CBI) इंटरपोल के ‘नेशनल सेंट्रल ब्यूरो’ के रूप में ‘भारतपोल’ (BHARATPOL) के जरिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों से समन्वय करती है। वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत लाया जा चुका है, जिनमें वर्ष 2026 में वापस लाए गए 78 भगोड़े भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *