जशपुर नगर पालिका अध्यक्ष विवाद को लेकर जिले की राजनीति और सोशल मीडिया में खासी चर्चा बनी हुई है। जशपुर नगर पालिका के अध्यक्ष अरविंद भगत के विरुद्ध उनकी पत्नी प्रियतमा अरविंद भगत ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र लिखकर विवाह के बाद साथ न रखने, वैवाहिक दायित्वों से मुंह मोड़ने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
2021 से संबंध और मार्च 2026 में रायपुर में विवाह का उल्लेख
शिकायती पत्र में प्रियतमा अरविंद भगत ने उल्लेख किया है कि उनके और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच वर्ष 2021 से संबंध रहे और करीब चार वर्षों तक साथ रहने के दौरान जीवनभर साथ निभाने तथा विवाह का आश्वासन दिया गया था। पत्र के मुताबिक, वर्ष 2025 में अरविंद भगत के नगर पालिका अध्यक्ष बनने के बाद बातचीत और मुलाकात कम होने लगी।
इसके बाद शिकायतकर्ता व उनके परिवार के आग्रह पर 7 मार्च 2026 को रायपुर स्थित आर्य समाज में विवाह संपन्न होने की बात पत्र में कही गई है। उन्होंने बताया कि विवाह के समय अरविंद भगत की ओर से सोनू पाण्डेय, अमित साय व अन्य तथा शिकायतकर्ता की ओर से बड़े भैया, भाभी, चाची, फूफा व संतोष ओहदार सहित परिजन मौजूद थे।
एसपी से कानूनी कार्रवाई और संरक्षण की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 85 व 86 या अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, 2005 की धारा 3, 12, 17, 18, 19, 20 व 22 के तहत संरक्षण, निवास, आर्थिक सहायता और क्षतिपूर्ति से संबंधित राहतों के लिए सहयोग व मार्गदर्शन मांगा है।
सोशल मीडिया पर तेज चर्चा, दोनों पक्षों में बहस
यह शिकायती पत्र सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं और बहस देखने को मिल रही हैं। एक वर्ग महिला के आरोपों को लेकर सवाल उठा रहा है, जबकि दूसरा वर्ग घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर रहा है।
आने वाले दिनों में पुलिस जांच और पूरे मामले के घटनाक्रम पर लोगों की नजर बनी हुई है।


