धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की बेटियों ने अपनी मेहनत और तकनीकी कौशल के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य सरकार की कौशल विकास योजना के तहत ट्रेनिंग लेने वाली धमतरी की तीन बेटियों का चयन देश-विदेश में मशहूर और प्रतिष्ठित कंपनी ‘फॉक्सकॉन’ (Foxconn) बेंगलुरु के लिए हुआ है। अब ये बेटियां ग्लोबल ब्रांड एप्पल (Apple) के आईफोन और अन्य हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की असेंबली में अपना हुनर दिखाएंगी।

इन होनहार बेटियों ने लहराया परचम
धमतरी की रहने वाली संजना साहू, रंजना साहू और निकिता ने अपनी कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। इन तीनों ने स्थानीय स्तर पर ‘मधुरिमा गुरुकुल SEDI’ से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रोफेशनल ट्रेनिंग ली थी। इसी प्रशिक्षण के आधार पर उनका चयन बेंगलुरु स्थित फॉक्सकॉन प्लांट में हुआ है।
कंपनी की ओर से इन तीनों होनहार बेटियों को शुरुआती पैकेज के रूप में लगभग 20,000 रुपये प्रतिमाह CTC का आकर्षक रोजगार ऑफर किया गया है। आपको बता दें कि फॉक्सकॉन दुनिया भर में एप्पल के आईफोन निर्माण और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के लिए जानी जाती है।
पुरुष प्रधान माने जाने वाले क्षेत्र में बनाई जगह
खास बात यह है कि इलेक्ट्रीशियन के क्षेत्र को पारंपरिक रूप से पुरुषों का डोमेन माना जाता था, लेकिन इन बेटियों ने उस रूढ़िवादी सोच को तोड़कर औद्योगिक क्षेत्र में अपनी मजबूत जगह बनाई है। ट्रेनिंग के दौरान इन्होंने वायरिंग, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, मशीनरी की बारीकियों और विद्युत सुरक्षा से जुड़े तमाम तकनीकी गुर सीखे थे, जो अब उनके करियर में काम आ रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किया संस्थान का दौरा
बेटियों की इस शानदार सफलता से प्रेरित होकर धमतरी के कलेक्टर अविनाश मिश्रा और नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने ‘मधुरिमा गुरुकुल SEDI’ का विशेष दौरा किया। अधिकारियों ने वहाँ ट्रेनिंग ले रहे अन्य युवाओं और इन तीनों बेटियों से मुलाकात की। उन्होंने उनके हुनर की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।