धुरंधर 2 ने रिलीज के 35वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। एक महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी फिल्म का क्रेज दर्शकों के बीच कम नहीं हुआ है। खास बात यह है कि भूत बंगला जैसी नई रिलीज से टक्कर मिलने के बावजूद फिल्म लगातार कमाई कर रही है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के पांचवें बुधवार यानी 35वें दिन भारत में करीब 1.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। हालांकि फिल्म की कमाई अब सिंगल डिजिट में पहुंच गई है, लेकिन इतनी लंबी रन के बाद भी करोड़ों में कमाई करना इसकी मजबूती को दर्शाता है। इसके साथ ही फिल्म की कुल घरेलू नेट कमाई 1121.09 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
धुरंधर 2 की कमाई
पिछले कुछ दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो फिल्म ने पांचवें हफ्ते में भी स्थिर प्रदर्शन किया है। सोमवार को 1.62 करोड़, मंगलवार को 2.10 करोड़, शुक्रवार को 2.70 करोड़, शनिवार को 4.65 करोड़ और रविवार को 5.20 करोड़ का कलेक्शन दर्ज किया। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने 19 मार्च को रिलीज होते ही धमाकेदार ओपनिंग की थी।
आदित्य धर ने संभाली फिल्म की कमान
धुरंधर 2 ने पहले हफ्ते में 674.17 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 263.65 करोड़ की कमाई कर फिल्म ने रिकॉर्ड बना दिए थे। तीसरे और चौथे हफ्ते में भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत रहा, जिससे इसका कुल कलेक्शन लगातार बढ़ता गया। फिल्म के निर्देशन की कमान आदित्य धर ने संभाली है, जिन्होंने इसे एक हाई-ऑक्टेन जासूसी एक्शन थ्रिलर के रूप में पेश किया है।
क्या पुष्पा 2 को दे पाएगी मात
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ‘धुरंधर 2’ पुष्पा 2 को पीछे छोड़ पाएगी? ‘पुष्पा 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 1265.97 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस लिहाज से ‘धुरंधर 2’ को इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अभी भी 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की जरूरत है। हालांकि फिल्म की रफ्तार धीरे-धीरे कम हो रही है और नई फिल्मों से मिल रही टक्कर भी इसकी राह मुश्किल बना सकती है।
ब्लॉकबस्टर बन चुकी है फिल्म
भले ही ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ना अब चुनौतीपूर्ण लग रहा हो, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि ‘धुरंधर 2’ पहले ही एक बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी है। फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी अपनी खास जगह बनाई है। आने वाले दिनों में फिल्म का प्रदर्शन यह तय करेगा कि क्या यह इतिहास रच पाएगी या फिर एक सफल ब्लॉकबस्टर के रूप में ही अपनी पहचान बनाए रखेगी।