पखांजूर में दहशत: घर के अंदर घुसा 10 फीट लंबा और 50 किलो का विशाल अजगर, देखते ही उड़े परिवार के होश

पखांजूर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के पखांजूर क्षेत्र से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के पखांजूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रामकृष्णपुर के पीवी-32 (P.V.-32) गाँव में एक विशालकाय अजगर के घर में घुसने से हड़कंप मच गया। भारी-भरकम अजगर ने घर के अंदर रखी पांच बत्तखों को अपना निवाला बना लिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

कैसे हुआ खुलासा?

मिली जानकारी के अनुसार, पीवी-32 निवासी जयंत सरकार के घर में यह घटना घटी। रोज की तरह जब आज सुबह परिवार का एक सदस्य बत्तखों को देखने या छोड़ने के लिए घर के उस हिस्से में गया, तो उसकी नजर एक कोने में कुंडली मारकर बैठे भारी-भरकम अजगर पर पड़ी। इतने विशालकाय जीव को सामने देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत जोर-जोर से चिल्लाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया।

शोर शराबा सुनकर देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, अजगर इतना बड़ा और वजनी था कि उसने घर के अंदर मौजूद पांच बत्तखों को पहले ही अपना शिकार बना लिया था।

डायल 112 और वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस की ‘डायल 112’ टीम को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम और वन विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुँची। वन विभाग के रेस्क्यू कर्मी धीरेंद्र मंडल ने अपनी टीम के साथ सूझबूझ दिखाते हुए भारी मशक्कत के बाद इस लगभग 10 फीट लंबे और करीब 50 किलो वजनी खतरनाक अजगर को सुरक्षित काबू में कर लिया।

सफलतापूर्वक रेस्क्यू करने के बाद वन कर्मियों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इसके बाद अजगर को आबादी वाले इलाके से दूर सुरक्षित रूप से खेरकट्टा के घने जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब दो साल पहले भी इस इलाके में एक ऐसा ही बड़ा अजगर देखा गया था, जिसके बाद से लोग एक बार फिर से दहशत में हैं। बहरहाल, सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद सभी ने चैन की साँस ली है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *