बालोद एसिड अटैक: पुलिस ने आरोपियों का मुंडन कराकर निकाला पैदल जुलूस, कोर्ट के बाहर उमड़ी भारी भीड़; फांसी की उठी मांग

बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक 22 वर्षीय युवती पर हुए सनसनीखेज एसिड अटैक मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इस जघन्य अपराध में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज कड़ी सुरक्षा के बीच स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों को थाने से लेकर कोर्ट तक पैदल चलाया और उससे पहले उनका मुंडन भी कराया। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर भारी हंगामा देखने को मिला।

दल्लीराजहरा चौक से कोर्ट तक पैदल चले आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस ने जनता के आक्रोश और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दोनों आरोपियों का मुंडन करवाया। इसके बाद उन्हें दल्लीराजहरा चौक और घड़ी चौक से होते हुए पैदल ही न्यायालय परिसर तक ले जाया गया। जैसे ही आरोपी नजर आए, वहां मौजूद स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा।

भीड़ में शामिल लोगों ने आरोपियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांग की कि इन्हें फांसी की सजा दी जानी चाहिए। जनता में इस घटना को लेकर इतना गुस्सा था कि पुलिस को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पड़े।

कोर्ट परिसर बना छावनी, हेलमेट पहनाकर ले जाया गया जेल

आरोपियों की पेशी के दौरान अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पूरे कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच आरोपियों को सुरक्षित कोर्ट के भीतर ले जाया गया।

न्यायालय में पेशी के बाद जब पुलिस दोनों आरोपियों को बाहर लेकर आई, तो उनकी सुरक्षा के लिए उन्हें हेलमेट पहनाया गया था। पुलिस को डर था कि आक्रोशित भीड़ हमला कर सकती है, इसलिए उन्हें तुरंत कड़ी सुरक्षा में जेल भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि यह दिल दहला देने वाली घटना सोमवार को बालोद शहर में घटी थी। पीड़ित युवती एक पुलिसकर्मी की बेटी है। वह रोजाना की तरह अपनी पढ़ाई पूरी कर लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर तेजाब फेंक दिया।

इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की गुत्थी सुलझाई और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे कथित प्रेम प्रसंग और गहरी साजिश थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *