बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोहराडीह-मुजगहन गांव में स्थित 220/132 केवी सब-स्टेशन में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहाँ अचानक एक भारी-भरकम ट्रांसफार्मर में भीषण आग भड़क उठी, जिससे पूरे विद्युत उपकेंद्र और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।
धुएं का गुबार देख सहम गए ग्रामीण
घटना की शुरुआत होते ही सब-स्टेशन परिसर से काले धुएं का विशाल गुबार उठने लगा, जो कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था। आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि इसने पूरे पावर हाउस को खतरे की जद में ला दिया है। अचानक हुई इस दुर्घटना से स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच चिंता बढ़ गई है।
बीती रात भी हुआ था तकनीकी फॉल्ट
मिली जानकारी के मुताबिक, जिस ट्रांसफार्मर में यह आग लगी है, वह 160 MVA क्षमता वाला पावर ट्रांसफार्मर है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत एहतियाती कदम उठाए गए हैं और 220 केवी से निकलने वाले सभी 132 केवी फीडर लोड को नॉर्मल कर दिया गया है।
खास बात यह है कि इस बड़े हादसे से ठीक एक रात पहले ही इसी गुरूर सब-स्टेशन में नंबर-1 सीटी (CT – Current Transformer) के भ्रष्ट (ब्लास्ट) होने की खबर सामने आई थी, जिसके बाद इस बड़ी घटना के होने से तकनीकी व्यवस्था पर सवाल भी उठ रहे हैं।
प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद
घटना की जानकारी मिलते ही गुरूर थाना पुलिस और विद्युत विभाग की तकनीकी टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। पुलिस बल मौके के लिए रवाना हो चुका है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। राहत की बात यह है कि कुम्हारी से इस सब-स्टेशन को डायरेक्ट बिजली सप्लाई होने की बात भी सामने आ रही है, जिससे बिजली व्यवस्था को संभालने में मदद मिल रही है।