बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शराब के नशे में धुत एक दामाद ने खूनी खेल खेलते हुए अपने ही मामा ससुर की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और खूंटे से बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया।
शराब के नशे में पत्नी से कर रहा था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक मामला महामाया थाना क्षेत्र के आडेझर गांव का है। आडेझर निवासी 60 वर्षीय रत्तीराम दीपावली की रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनका दामाद सुखराम नेताम शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी से बेवजह विवाद करने लगा।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने आपा खो दिया और पास में ही सो रहे अपने 60 वर्षीय मामा ससुर रत्तीराम पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस गंभीर हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा, खूंटे से बांधा
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। बुजुर्ग की खून से लथपथ लाश और आरोपी की करतूत देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी ने मिलकर आरोपी दामाद को मौके पर ही दबोच लिया और गुस्से में उसे एक खूंटे से बांध दिया।
इसके बाद तुरंत महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।