रायपुर: बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से ओमान से भारत लाने के बाद हुई पूछताछ के आधार पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने देश के 6 राज्यों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। सीबीआई ने अलग-अलग राज्यों में फैले पैनल ऑपरेटरों के 33 ठिकानों पर एकसाथ छापे मारे हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, इन छापों के दौरान कई जगहों पर अवैध रूप से लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें तुरंत बंद कराया गया। इसके अलावा, कार्रवाई में भारी मात्रा में डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच से यह बात सामने आई है कि इस नेटवर्क को चलाने के लिए ‘म्यूल अकाउंट्स’ (अन्य व्यक्तियों के नाम पर संचालित बैंक खाते) और हवाला चैनल्स का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा था।
कोर्ट में पेशी और न्यायिक हिरासत
गौरतलब है कि ओमान से प्रत्यर्पण के बाद 1 नवंबर को सीबीआई ने सौरभ चंद्राकर को अपनी गिरफ्त में लिया था। रायपुर के विशेष न्यायाधीश (सीबीआई मामले) ने उसे पहले 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 12 नवंबर को उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस तरह काम करता था सट्टा नेटवर्क
सीबीआई की पूछताछ में सौरभ चंद्राकर ने इस अवैध साम्राज्य के संचालन से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि कैसे यह पूरा सेटअप काम करता है और भारत के विभिन्न हिस्सों में इसके पैनल ऑपरेटर किस प्रकार जाल फैलाए हुए हैं। इन खुलासों और तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाकर सीबीआई अन्य आरोपियों की संलिप्तता की गहराई से जांच कर रही है।
जांच के दायरे में केवल ऑपरेटर ही नहीं, बल्कि विदेश में छिपे अन्य मुख्य आरोपी, उन्हें शरण या मदद देने वाले लोग और इस अवैध नेटवर्क को संरक्षण देने वाले कुछ सरकारी अधिकारी भी शामिल हैं। एजेंसी ने फरार चल रहे आरोपियों के प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया भी तेज कर दी है।
सीबीआई की अब तक की जांच में क्या आया सामने?
छत्तीसगढ़ सरकार से मामला मिलने के बाद सीबीआई ने ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ से जुड़े मामलों में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। अब तक की इन्वेस्टिगेशन में यह स्पष्ट हुआ है कि:
- यह पूरा सिंडिकेट विदेश में बैठे मुख्य आकाओं द्वारा संचालित किया जाता है।
- भारत में इसके लिए स्थानीय पैनल ऑपरेटरों का एक विशाल नेटवर्क काम करता है।
- ये ऑपरेटर ग्राहकों के यूजर आईडी मैनेज करने से लेकर सट्टे के पैसों को किराए पर लिए गए या फर्जी दस्तावेजों से खुले बैंक खातों में जमा कराते हैं।
- अंत में अवैध मुनाफे की इस रकम को हवाला के अवैध रास्तों से देश के बाहर भेज दिया जाता है।
केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले से जुड़े हर एक तार को खंगालने में जुटी है ताकि इस सिंडिकेट से जुड़े सभी चेहरों को बेनकाब किया जा सके।