राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन के दौरान एसपी अंकिता शर्मा द्वारा की गई हर्ष फायरिंग का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। हथियारों के संचालन और तकनीक को लेकर उठ रहे सवालों के बीच, अब पुलिस मुख्यालय (PHQ) के निर्देश पर राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने एसपी से आधिकारिक स्पष्टीकरण तलब किया है।
क्या था पूरा मामला?
विजयादशमी के मौके पर राजनांदगांव के रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में पारंपरिक रूप से शस्त्र पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में विधि-विधान से हथियारों की पूजा की थी। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साड़ी पहनकर अत्याधुनिक असॉल्ट राइफल AK-47 से हर्ष फायरिंग की थी, जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।
विशेषज्ञों के सवाल उठाने के बाद जागा मुख्यालय
एसपी अंकिता शर्मा द्वारा साड़ी पहनकर और पुलिस नियमों व फायरिंग के प्रोटोकॉल को लेकर सोशल मीडिया और रक्षा विशेषज्ञों के बीच तीखी बहस छिड़ गई थी। कई जानकारों ने उनकी फायरिंग की तकनीक और तौर-तरीकों पर गंभीर सवाल उठाए थे। मामला तूल पकड़ने के बाद अब पुलिस मुख्यालय ने इस पर सख्त संज्ञान लिया है।
आईजी अजय यादव ने की पुष्टि
राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरा प्रकरण पुलिस मुख्यालय और उनके संज्ञान में आ चुका है। मीडिया और विशेषज्ञों द्वारा उठाई गई आपत्तियों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आईजी के अनुसार, पुलिस के निर्धारित शस्त्र नियमों और विभाग की गरिमा को ध्यान में रखते हुए यह स्पष्टीकरण लिया जा रहा है। एसपी का जवाब मिलने के बाद आईजी अपनी टिप्पणी के साथ इस पूरी रिपोर्ट को पुलिस मुख्यालय को भेजेंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।