रायपुर में बिना अनुमति सड़क खोदने पर भड़के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, बोले- “क्या राजधानी कोई लेबोरेटरी है?”

रायपुर, छत्तीसगढ़: राजधानी रायपुर में बिना किसी वैध अनुमति के सड़कों की खुदाई करने का मामला सामने आया है। फाफाडीह मुख्य मार्ग और आसपास के इलाकों में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए मनमाने तरीके से सड़कें खोदी जा रही हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस अवैध खुदाई पर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कड़ा विरोध जताया है और कंपनी पर भारी जुर्माना लगाने की मांग की है।

“क्या रायपुर कोई प्रयोगशाला बन गया है?”

स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों से शिकायत मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी खुद अचानक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जांच में पाया गया कि HCG प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के धड़ल्ले से सड़कें खोदी जा रही हैं। पिछले दो महीने से यह काम चल रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि नगर निगम और जिला प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं थी।

इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए आकाश तिवारी ने कहा, “क्या राजधानी रायपुर कोई प्रयोगशाला बन गया है कि बाहर से कोई भी कंपनी आए और अपनी मर्जी से प्रयोग करके चली जाए?”

निगम आयुक्त को फोन कर काम रुकवाने के निर्देश

मौके पर ही नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा को फोन किया और पूरी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से अवैध खुदाई का काम रुकवाने और सड़क पर किए गए बड़े-बड़े गड्ढों को भरकर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ निगम विकास कार्यों के लिए फंड न होने का रोना रोता है, वहीं दूसरी तरफ बनी-बनाई पक्की सड़कों को खोदकर बर्बाद किया जा रहा है। खुदाई के दौरान पीने के पानी की पाइपलाइनें भी तोड़ दी गई हैं, जो जनता की जिंदगी के साथ सीधा खिलवाड़ है।

कड़े विरोध की दी चेतावनी

आकाश तिवारी ने जिला प्रशासन और नगर निगम को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर नियमों को ताक पर रखकर काम करने वाली इस कंपनी पर बड़ा जुर्माना नहीं लगाया गया और काम बंद नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ पूर्व शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गिरीश दुबे, पूर्व एल्डरमैन सुनील भुवाल, सुदीप होर और कई स्थानीय व्यापारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *