दिल्ली के इस इलाके में बनेगा नया फुटओवर ब्रिज, बांसुरी ने बताया किन इलाकों को होगा फायदा

दिल्ली में शनिवार को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इंद्रपुरी इलाके में रेलवे हॉल्ट पर फुटओवर ब्रिज की आधारशिला रखी। इस मौके पर नई दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद बांसुरी स्वराज भी उपस्थित थीं। उन्होंने बताया कि यहां पर बने 58 साल पुराने ब्रिज की हालत बहुत खस्ता हो चुकी है। जिसके बाद रेलवे यहां पर 7 करोड़ रुपए की लागत से एक नया फुटओवर ब्रिज बना रहा है। इस मौके पर बांसुरी ने इस फुटओवर ब्रिज की खूबियां भी बताईं और कहा कि इससे करीब 6 लाख लोगों को फायदा मिलेगा।

बांसुरी स्वराज ने कहा, ‘आज केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री बिट्टू जी के करकमलों से यहां पर रेलवे फुटओवर ब्रिज का शिलान्यास हुआ है, इस मौके पर मैं आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का बहुत आभार और अभिनंदन करती हूं, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत के बुनियादी स्ट्रक्चर और इंफ्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेंट में पंख लग गए हैं।’

उन्होंने आगे कहा, ‘आज जिस फुटओवर ब्रिज का यहां पर शिलान्यास किया गया है, उससे मोटामोटा लगभग 6 लाख लोगों को फायदा होगा।’ उन्होंने बताया कि इस ब्रिज से नारायणा गांव से लेकर नारायणा विहार, इंद्रपुरी, बु्द्धनगर से लेकर कृषिकुंज उषारोड तक 5 से 6 लाख लोगों को इससे फायदा होगा।’

बांसुरी ने कहा, ‘यह ब्रिज 1966 में बना था और जिसकी हालत अब बहुत खस्ता हो चुकी है। मैं रेलवे मंत्रालय का आभार व्यक्त करती हूं कि 7 करोड़ रुपए की लागत से ये फुटओवर ब्रिज बन रहा है, जहां पर ना केवल पैदल चलने वाले लोगों को सुगमता होगी, बल्कि दिव्यांग लोगों के लिए भी प्रावधान किए गए हैं। यहां पर दोपहिया वाहन वालों के लिए भी एक सुगम रास्ते का प्रावधान किया गया है।’

सांसद ने कहा, ‘यह एक नया अध्याय है, इंद्रपुरी और इस विधानसभा की सुरक्षा और तरक्की के लिए और उनकी कनेक्टिविटी के लिए एक नया अध्याय शुरू होगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *