UP-दिल्ली के साथ मुंबई-झारखंड वालों ने खूब खरीदीं जमीनें, उत्तराखंड में प्रॉपर्टी खरीदने वालों को नोटिस

यूपी, दिल्ली के अलावा मुंबई और झारखंड वाले लोगों ने उत्तराखंड में खूब जमीनें खरीदीं हैं। सरकार की ओर से प्रॉपर्टी खरीदने वाले लोगों को नोटिसा जारी किया जा रहा है। धामी सरकार ने मौजूदा भू-कानून को ही सही तरीके से पढ़वाना शुरू किया, तो जिलों में एक के बाद एक भू-कानून ताक पर रखने के 430 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।

सभी मामलों में जिलाधिकारियों ने नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सबसे अधिक 196 मामले देहरादून में सामने आए हैं। दूसरे नंबर पर 64 मामलों में नैनीताल में नोटिस जारी कर केस दर्ज हुए हैं।

पहाड़ के दूरदराज इलाकों में झारखंड, मुंबई तक के लोगों ने जमीनों की खरीदफरोख्त की है।नैनीताल में 64 लोगों पर हुई कार्रवाई जिला प्रशासन नैनीताल ने 64 मामलों में बाहरी लोगों पर जमीन खरीद उल्लंघन के केस दर्ज कर दिए हैं। जिले में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि खरीद कर लोगों ने रिजॉर्ट बना दिए।

यूएसनगर में भूमि खरीद के मामलों में गड़बड़ी के 41 केस सामने आए हैं। सभी मामलों में एसडीएम कोर्ट में केस दर्ज हो गए हैं। अल्मोड़ा में 23 मामलों में जिला प्रशासन स्तर से शिकंजा कसा जा रहा है। बागेश्वर में भूमि खरीद के 22 मामले सामने आए हैं। 0.40 हेक्टेयर भूमि राज्य सरकार के हित में निहित भी कर दी गई है।

मुंबई वालों ने खरीदी उत्तरकाशी में जमीनें

उत्तरकाशी के मोरी, धौन्तरी क्षेत्र समेत कई अन्य स्थानों पर झारखंड से लेकर मुंबई वालों ने जमकर जमीनें खरीदी। एक ही परिवार के कई लोगों के जमीन खरीदने के फिलहाल पांच मामले सामने आए हैं। आठ लोगों ने जिस प्रयोजन के लिए जमीन खरीद की मंजूरी ली, उसका इस्तेमाल नहीं किया। नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

टिहरी जनपद की हर तहसील में टूटे नियम

मौजूदा भू-कानून की टिहरी जिले में भी जमकर धज्जियां उड़ी हैं। यहां जिले की लगभग हर तहसील में भू-कानून के नियम टूटे। धनोल्टी, नरेंद्रनगर और टिहरी तहसील में सबसे अधिक मामले गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रतापनगर, घनसाली तहसील में भी जमीन खरीद फरोख्त में गड़बड़ियां सामने आई हैं।

लैंसडौन, कोटद्वार से लेकर यमकेश्वर में गड़बड़ियां

पौड़ी जिले में जमीनों की खरीद फरोख्त के मामले में लैंसडौन, कोटद्वार से लेकर यमकेश्वर क्षेत्र में जमकर गड़बड़ियां हुईं। बाहरी लोगों ने एक सिरे से गांव के गांवों में जमीनों का लैंड बैंक तैयार कर लिया। अब एक सिरे से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। लैंसडौन में 11, कोटद्वार में 11 और यमकेश्वर में चार मामलों में नोटिस जारी कर दिए गए हैं।

राजधानी देहरादून में सबसे अधिक मामले

बाहरी लोगों की जमीनों को खुर्द-बुर्द किए जाने के सबसे अधिक मामले देहरादून में सामने आए हैं। यहां 196 से अधिक मामलों में भू-कानून की धज्जियां उड़ाई गई हैं। पछवादून से लेकर मालदेवता, मसूरी, रानीपोखरी, थानो, भोगपुर, शिमला बाईपास, हर्बटपुर, सहस्त्रत्त्धारा तक जमीनों की लूट 24 सालों में होती चली गई।

चमोली में भी जारी हुए 166 के नोटिस

चमोली जिले में भी भू-कानून उल्लंघन के मामले में धारा 166 के तहत नोटिस जारी किए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पहले चरण में तीन मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं। कर्णप्रयाग में दो और थराली तहसील में एक मामले में नोटिस जारी किया गया है। तीनों मामलों में जमीन खरीदने वाले राज्य से बाहर के हैं।

जहां भी भू-कानून के नियमों को ताक पर रखकर जमीनों की खरीद फरोख्त हुई है, वहां जिला स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आने वाले समय में कार्रवाई और तेज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *