बिहार के मजदूर के बेटे का कमाल, इटली में करेगा भारत का प्रतिनिधित्व, ओलंपियाड के लिए देश से चुने गए 4 छात्रों में एक

बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के एक साधारण परिवार से आने वाले मोहम्मद एहतेशाम रिजवी इटली में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। खड़ौना स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय ( Jawahar Navodaya Vidyalaya – JNV ) के 12वीं साइंस स्ट्रीम के छात्र एहतेशाम का चयन अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी विज्ञान ओलंपियाड (IESO – International Earth Science Olympiad ) के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 20 से 27 अगस्त 2026 के बीच आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में पूरे देश से सिर्फ चार छात्रों का चयन हुआ है। इससे पता चलता है कि इसका कंपीटिशन काफी कठिन होता होगा। एहतेशाम के अलावा बिहार का एक और विद्यार्थी इस लिस्ट में शामिल है।

एहतेशाम के पिता मोहम्मद सेराज अंसारी एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी कर परिवार का पेट पालते हैं। मां हाउसवाइफ है। एहतेशाम को मिलाकर घर में तीन भाई बहन है। दादा नूरहसन अंसारी मुजफ्फरपुर क्लब, कंपनीबाग में बड़े बाबू थे। उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक हालत बिगड़ी गई। परिवार बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए क्लब परिसर के रह रहा है।

एहतेशाम ने बताया कि उन्हें अर्थ साइंस ओलंपियाड की जानकारी सबसे पहले अपने स्कूल से मिली। जवाहर नवोदय विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहती हैं, जिनमें वह नियमित रूप से भाग लेते रहे हैं। इसी दौरान उनके फिजिक्स शिक्षक ने उन्हें अर्थ साइंस ओलंपियाड के बारे में बताया। 11वीं से ही इसकी तैयारी शुरू कर दी थी। इसके बाद उन्होंने आवेदन किया और पूरी लगन के साथ तैयारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 को स्कूल स्तर पर परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच छात्रों का चयन अगले चरण के लिए किया गया। चयनित छात्रों को गुजरात के वडोदरा में आयोजित नेशनल ट्रेनिंग एंड असेसमेंट कैंप में भेजा गया।

एहतेशाम ने बताया कि बड़ोदरा में करीब 20 दिनों तक चले कैंप में कई तरह की शैक्षणिक और व्यावहारिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान प्रतिभागियों को पृथ्वी की संरचना, चट्टानों की परतों, भूगर्भीय संरचनाओं, वायुमंडल और पृथ्वी विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों की गहन जानकारी दी गई। कैंप में फील्ड वर्क, प्रैक्टिकल टेस्ट, लिखित परीक्षा और वायवा भी लिया गया। सभी प्रतिभागियों को अलग-अलग विषय दिए गए थे। कई स्तरों की परीक्षा, प्रैक्टिकल और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद देशभर से चार छात्रों का अंतिम चयन किया गया।

उन्होंने कहा, ‘मुझे बेहद खुशी है कि मुझे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। मैं पूरी मेहनत के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लूंगा और देश के लिए पदक जीतकर लौटने का प्रयास करूंगा।’

ईटीवी भारत की रिपोर्ट के मुताबिक एहतेशाम की प्रारंभिक शिक्षा सकरा के सरकारी विद्यालय में हुई। इसके साथ ही उन्होंने सकरा स्थित होली गार्डेन प्रेप पब्लिक स्कूल से एक्स्ट्रा गाइडेंस ली। कक्षा 6 में जवाहर नवोदय विद्यालय में एडमिशन लेने के बाद उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने एनसीसी भी जॉइन की। अच्छे कैडेट रहे। राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन कर चुके हैं। उनका सपना भविष्य में एनडीए में शामिल होकर देश सेवा करने का है।

ईटीवी भारत की रिप एहतेशाम की मां चांद तबस्सुम ने कहा कि बहुत गर्व महसूस होता है कि उनका बेटा देश का प्रतिनिधित्व करेगा। तबस्सुम कहती हैं, “यह गर्व की बात है कि हमारा बेटा देश के लिए कुछ अच्छा कर रहा है। उसे इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए हमने बहुत संघर्ष किया है। उस संघर्ष को कुछ शब्दों में बयां करना आसान नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा कि आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने उसकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी, और उसकी कड़ी मेहनत के कारण ही आखिरकार जवाहर नवोदय विद्यालय में उसका चयन हुआ।

एहतेशाम की दादी, सादिया खातून, अपने पोते की कामयाबी के बारे में बात करते हुए भावुक हो गईं। परिवार के बरसों के संघर्ष को याद करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं और उन्होंने कहा, ‘हम सब बहुत खुश हैं। उसे इतनी अच्छी कामयाबी हासिल करते देखने के लिए हमने बहुत संघर्ष किया है। आज उसने जो मुकाम हासिल किया है, वह उसकी अपनी कड़ी मेहनत का नतीजा है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *