आज दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर और उपमहापौर पद के लिए मतदान हुए। चुनाव में भाजपा और आप के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। आम आदमी पार्टी के महापौर पद के उम्मीदवार महेश खींची ने महापौर चुनाव जीत लिया है। कुल 284 वोट दोनों पदों के चुनाव में दिए जाने थे। इसमें 249 पार्षद, 14 विधायक, 7 लोक सभा सांसद और 3 राज्य सभा सांसदों को वोट डालने थे। मगर कुल 263 वोट पड़े। इसमें 133 आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को और भाजपा के उम्मीदवार को 130 वोट मिले।
बीजेपी और आप के उम्मीदवार
बीजेपी ने शकूरपुर वार्ड से 47 साल के किशन लाल को मेयर पद के लिए और सदातपुर वार्ड से 41 साल की नीता बिष्ट को डिप्टी मेयर पद के लिए मैदान में उतारा है। आप ने करोल बाग के देव नगर वार्ड से 45 साल के महेश कुमार खीची को मेयर पद के लिए और अमन विहार से रविंदर भारद्वाज को डिप्टी मेयर के लिए मैदान में उतारा है।
पीठासीन अधिकारी और कांग्रेस का चुनाव को बहिष्कार
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बीजेपी की पार्षद और पूर्वी दिल्ली की महापौर सत्या शर्मा को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। शर्मा इससे पहले भी दिसंबर 2022 में महापौर चुनाव की अध्यक्षता कर चुकी हैं। हालांकि इस बीच कांग्रेस के पार्षदों ने महापौर और उपमहापौर चुनाव का बहिष्कार किया था। इन लोगों ने सदन की कार्यवाई शुरू होने से पहले अपना विरोध जताया था। कांग्रेस पार्टी ने दलित मेयर के लिए प्रस्तावित छोटे कार्यकाल से असंतुष्ट होकर निगम चुनावों का बहिष्कार करने की घोषणा की थी।