पीसीएस 2024 प्रारंभिक परीक्षा एक से अधिक दिन में कराने और नॉर्मलाइजेशन (मानकीकरण) के विरोध में प्रतियोगी छात्र आज प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस उन्हें धरनास्थल पर भेजने के प्रयास में थी लेकिन हजारों की संख्या में छात्र आयोग के गेट नंबर दो पर पहुंच गए हैं। अभ्यर्थियों ने साफ किया है कि जब तक मानकीकरण निरस्त होने की नोटिस जारी नहीं होती और परीक्षा एक दिन में नहीं होती तब तक उनका शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक धरना जारी रहेगा। धरने में उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली और अन्य राज्यों से कई प्रतियोगी छात्र भी प्रदर्शन में शामिल हैं। अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने भी काफी तैयारी की है।
उधर, लखीमपुर में गोला कस्बे की पंजाब नेशनल बैंक में सोमवार की सुबह सुरक्षा गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चल गई। गोली सड़क से टकराकर सामने दुकान पर बैठे व्यापारी को जा लगी। जख्मी व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उधर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि बंदूक लोड करते वक्त धोखे से गोली चलने की बात सामने आ रही है।