मंगलुरु के एक बीच रिजॉर्ट के स्विमिंग पूल में तीन युवतियों की डूबकर मौत हो गई। यह सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। मैनेजर के रिजॉर्ट को लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक युवतियों की पहचान, निशिता (21 साल), पार्वती एस (20 साल) और कीर्तना एन (21 साल) की गई है। ये सभी मैसूर के कॉलेज में फाइनल ईयर की छात्रा थीं।
पुलिस ने बताया कि ये युवतियां वाजको रिजॉर्ट में छुट्टियां मनाने गई थीं। तैरना ना जानने के बावजूद वे नहाने के लिए स्वीमिंग पूल में उतर गईं। पहले ये लोग उथले पानी में खड़ी थीं। लेकिन एक युवती गहरे पानी की ओर जाने लगी। तभी अचानक वह डूबने लगी। दूसरी ने उसे खींचने की कोशिश की तो वह भी गहरे पानी में चली गई। इसके बाद तीसरी युवती भी गहरे पानी में उतर पड़ी।
वीडियो में देखा गया कि स्वीमिंग पूल के दूसरी तरफ तैर रहे ट्यूब्स को पकड़ने के लिए उन्होंने हाथ पैर मारे लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद धीरे-धीरे उनके हाथ पैर चलने बंद हो गए। रिजॉर्ट के स्टाफ ने जब देखा कि स्वीमिंग पूल में शव तैर रहे हैं तो उसने पुलिस को जानकारी दी। पता चला कि स्वीमिंग पूल के पास में ना तो लाइफगार्ड मौजूद थे और ना ही कहीं पूल की गहराई के बारे में लिखा गया था।
मंगलुरु के पुलिस कमिश्नर ने कहा कि तीनों की ही इस हादसे में पूल में ही जान चली गई थी। उन्होंने कहा कि इस में रिजॉर्ट की लापरवाही सामने आई है और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।