सुनील नरेन के सामने वह बेस्ट ऑप्शन थे; जस्टिन लेंगर ने किया निकोलस पूरन को सुपर ओवर में भेजने का बचाव

आईपीएल 2026 में रविवार को सुपर ओवर तक चले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने लखनऊ सुपर जॉइंट्स को हरा दिया। इस सीजन में एलएसजी की ये लगातार पांचवीं हार थी और अब वह पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे दसवें पायदान पर है। इस मैच में सुपर ओवर के दौरान निकोलस पूरन को बल्लेबाजी के लिए उतारने के एलएसजी के फैसले की काफी आलोचना हो रही है। खराब फॉर्म से जूझ रहे पूरन पूरे सीजन में रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने उन्हें सुपर ओवर में उतार दिया। पहली ही गेंद पर वह आउट हो गए। हालांकि एलएसजी के हेड कोच जस्टिन लेंगर ने निकोलस पूरन को सुपर ओवर में भेजे जाने के फैसले का बचाव किया है।

एलएसजी के हेड कोच ने कहा, ‘हम जानते थे कि सुनील नरेन गेंदबाजी करेंगे और अगर आप निकी (पूरन) के रिकॉर्ड को देखते हैं तो वर्ल्ड क्रिकेट में नरेन का उनसे ज्यादा सामना किसी ने नहीं किया होगा। इसलिए हमें लगा कि वह बेस्ट होगा। मुझे पता था कि वह फॉर्म में नहीं है, लेकिन हमने सोचा कि अगर कोई सुपर ओवर हैंडल कर सकता है तो वह निकी पूरन ही है। और आप अपने बेस्ट प्लेयर्स को सपोर्ट तो करते ही हैं न? आप यही तो करते हैं।’

लेंगर ने आगे कहा, ‘वह संघर्ष कर रहा है लेकिन अगर आप नंबर्स को देखेंगे तो निकी से बेहतर कोई भी नरेन को नहीं खेल सकता है जो वर्ल्ड क्लास स्पिनर हैं। लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो पाया।’

निकोलस पूरन को सुपर ओवर में उतारने के फैसले की आलोचना इसलिए भी हो रही है कि सुपर ओवर में उनका रिकॉर्ड बहुत ही खराब रहा है। एक तो वह आईपीएल 2026 में बिलकुल भी लय में नहीं दिख रहे और ऊपर से सुपर ओवर में वह पहले भी डिजास्टर साबित हुए हैं। इस मैच में उन्होंने 12 गेंद में 9 रन बनाए थे और वरुण चक्रवर्ती का शिकार हुए थे। उसके बाद भी उन्हें सुपर ओवर में उतारा गया। इससे पहले वह अलग-अलग मौकों पर 4 बार सुपर ओवर में उतर चुके थे और 9 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाए थे। रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सुनील नरेन के सुपर ओवर की पहली ही गेंद पर वह आउट हो गए।

इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिंकू सिंह के नाबाद 83 रनों की बदौलत 7 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए थे। जवाब में लखनऊ सुपर जॉइंट्स की टीम भी निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन ही बना पाई। इसके बाद मैच सुपर ओवर में गया।

केकेआर की तरफ से सुनील नरेन ने सुपर ओवर फेंका। एलएसजी की तरफ से निकोलस पूरन और ऐडन मारक्रम बल्लेबाजी के लिए उतरे। नरेन ने पहली ही गेंद पर पूरन को आउट कर दिया। उसके बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतरे और 1 रन लिया। तीसरी गेंद पर नरेन ने मारक्रम को भी आउट कर दिया। सुपर ओवर में 2 विकेट गिर गए और इस तरह केकेआर को जीत के लिए सुपर ओर में सिर्फ 2 रन का लक्ष्य मिला। पिंस यादव की पहली ही गेंद पर रिंकू सिंह ने चौका जड़कर केकेआर को जीत दिला दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *