आधा से अधिक जून बीतने के बाद भी उत्तर भारत भीषण गर्मी का मार झेल रहा है. मानसून की देरी ने किसानों की चिंता को दोगुना कर दिया है. देश के अलग-अलग हिस्सों में इस समय मौसम के कई रूप देखने को मिल रहे हैं. कुछ जगहों पर भारी बारिश हो रही है, तो कुछ जगहों पर तापमान लगातार बढ़ रहा है. दिल्ली-एनसीआर, यूपी, राजस्थान, हरियाणा समेत आसपास के कई राज्यों में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं.
मौसम के बदलते रंग के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक राहतभरी खबर दी है. आईएमडी के अनुसार, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून की दस्तक 23 जून से होने जा रही है. मानसून के आगमन के बाद इन इलाकों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा. वहीं, विभाग ने बताया कि पूर्वोत्तर में 25 जून, सिक्किम में 22 जून तक भारी से अति भारी बारिश की संभावना है.
हीटवेव को लेकर अलर्ट
हालांकि, आईएमडी ने बताया कि विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी यूपी में अगले पांच दिनों तक और छत्तीसगढ़ में कल, तेलंगाना में अगले दो दिन, मध्य महाराष्ट्र में कल हीटवेव चलने का अनुसान है. विभाग के अनुसार, इसके बाद इन क्षेत्रों में भी मौसम मे भारी बदलाव नजर आने लगेगा.
इसके अलावा पूर्वी भारत, छत्तीसगढ़, राजस्थान में अगले दो दिनों तक 70 की स्पीड से आंधी चलने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश समेत आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटों में तूफान की चेतावनी जारी की गई है.
पहाड़ी इलाकों में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में भी आने वाले समय में मौसम में बदलाव नजर आने वाला है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 22 जून को बारिश की संभावना है. वहीं, उत्तराखंड औक हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बिगड़ने की संभावना है.
इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
आईएमडी के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब में 21 से 24 जून, पश्चिम यूपी में 25-27 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इसके अलावा पूर्वोतर में भी मौसम का बदलता रूप देखने को मिल सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम में 21 से 27 जून के बीच भारी से अति भारी बारिश की संभावना है.
दक्षिण भारत में भी बारिश को लेकर आईएमडी ने चेतावनी जारी की है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में भी 21 से 27 जून के बीच भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. कर्नाटक, केरलम, माहे, लक्षद्वीप में भी आगामी 4 दिनों तक बारिश की संभावना है.