छत्तीसगढ़ में लड़की की सड़ी-गली लाश मिलने से हड़कंप, कुत्ता खोपड़ी लेकर दौड़ा तो हुआ खुलासा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पॉश इलाके में एक लड़की की लाश मिलने की खबर सामने आई है। लाश की हालत काफी खराब हो चुकी है। सड़ी-गली हालत में मिली लाश की खबर बाहर आते ही चारो तरफ हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी तब लगी जब कुत्ता लड़की की खोपड़ी को लेकर इधर-उधर दौड़ता पाया गया। घटना राजेंद्र नगर थाना इलाके की है।

पुलिस को शनिवार देर रात करीब सात बजे सूचना मिली कि एक अंडर कंस्ट्रक्शन साइट के पास तेज दुर्गंध आ रही है। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तो देखकर हैरान रह गई। वहां इंसान की खोपड़ी पड़ी हुई थी। खोपड़ी के चारो तरफ आवारा कुत्ते भी घूम रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि उन्होंने एक कुत्ते को बालों के सहारे खोपड़ी को सड़क पर लाते देखा था। इसके बाद पुलिस ने खोजबीन तेज कर दी। बाद में बिल्डिंग के भीतरी हिस्से में जांच की तो अंदर से बदबू के मारे दम घुटने लगा।

बिल्डिंग में काफी मलबा पड़ा हुआ था। पुलिस ने मलबा हटाकर देखा तो वहां अर्धनग्न हालत में एक लड़की की लाश मिली। लाश का काफी हिस्सा सड़ चुका था। मौके पर पुलिस ने मेडिकल टीम और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया ताकि वहां मौजूद साक्ष्य जुटाए जा सकें। लड़की की पहचान ठीक से नहीं हो पाई है, क्योंकि जानवरों ने उसके शरीर को नोच लिया था और खोपड़ी को धड़ से अलग कर दिया था। चेहरा पूरी तरह तहस-नहस हो चुका था, इसलिए पहचान नहीं हो पाई है।

लड़की की उम्र 25-30 साल के आस-पास बताई जा रही है। अर्धनग्न हालत में मिली लाश के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि लड़की के साथ बलात्कार की घटना हुई होगी। हालांकि रेप हुआ है या नहीं इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पता चल पाएगा। बिल्डिंग में काम बंद था, इसलिए इसकी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ पाई है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है ताकि पता लगाया जा सके कि ये लड़की कौन थी और इसकी हत्या किसने और क्यों की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *