महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन महायुति को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी में शामिल दल चुनाव आयोग की भूमिका और ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं. ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उद्धव ठाकरे, मल्लिकार्जुन खड़गे और शरद पवार की पार्टी ने निर्वाचन आयोग से देश में बैलट पेपर से मतदान कराने की मांग की है. इस बीच सोलापुर जिले के मालशिरस तालुका के अंतर्गत आने वाले गांव मरकडवाडी में भी ईवीएम पर सवाल खड़े हो रहे
दरअसल, मरकडवाडी गांव में शरद पवार की एनसीपी का अच्छा प्रभाव है. लेकिन विधानसभा चुनाव में मालशिरस सीट से एनसीपी-एसपी के उम्मीदवार उत्तमराव जानकर को 843 वोट मिले और विपक्षी बीजेपी के उम्मीदवार राम सातपुते को 1003 वोट मिले. चुनाव परिणाम सामने आने के बाद मरकडवाडी निवासियों ने 3 दिसंबर को मॉक पोलिंग कराने का फैसला किया ताकि यह जांचा जा सके कि यह वास्तविक नतीजे हैं या ईवीएम की मदद से कुछ वोटों को मैनेज किया गया है.
23 नवंबर को चुनाव नतीजे आने के बाद मरकडवाडी में बीजेपी उम्मीदवार को बढ़त मिलने से सरपंच और ग्रामीण हैरान हो गए. ग्रामीणों और सरपंच ने मॉक पोलिंग कराने का निर्णय लिया और सरकारी अधिकारियों से इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी तहसीलदार से कराने की मांग की. लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया. बाद में ग्रामीणों ने खुद ही जांच पड़ताल करने की तैयारी की कि इसके पीछे की सच्चाई क्या है. क्योंकि उन्हें संदेह है कि भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में ईवीएम की मदद से अधिक वोट डलवाए गए हैं.
मालशिरस सीट पर मोहिते पाटिल परिवार का अच्छा प्रभाव है. लोकसभा चुनाव से पहले धैर्यशील मोहिते ने एनसीपी-एसपी से हाथ मिला लिया और माढ़ा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद बने. इसी सीट पर उत्तमराव जानकर नेएनसीपी-एसपी के टिकट पर चुनाव लड़ा और उन्होंने बीजेपी के राम सातपुते को 13 हजार वोटों से हराया. अब मरकडवाडी में किसी भी तरह के भ्रम और कानून-व्यवस्था की स्थिति से बचने के लिए जिला अधिकारियों ने धारा 144 लागू कर दी है.
लेकिन ग्रामीण हकीकत जानने के लिए बैलेट-पेपर से मतदान करने पर अड़े हुए हैं. बैलेट-पेपर से मॉक पोलिंग की प्रक्रिया ग्रामीणों द्वारा कल सुबह 7 बजे मरकडवाडी में शुरू होगी और शाम 6 बजे तक समाप्त हो जाएगी. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सरकारी मशीनरी मरकडवाडी में मॉक पोलिंग प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति देती है. जिला प्रशासन ने मालशिरस निर्वाचन क्षेत्र के मरकडवाडी में धारा 144 लागू कर दी है.