क्या पीएम के लिए टॉयलेट भी रिजर्व; मोदी की तरह राहुल को लाउंज नहीं मिलने पर भड़के खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर झारखंड में उनके और राहुल गांधी के हेलीकॉप्टरों को देरी करने का आरोप लगाया। खरगे ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री का दर्जा होने के बावजूद विपक्षी नेताओं को हवाई अड्डे के रिजर्व लाउंज में रुकने की इजाजत नहीं दी गई। खरगे ने पूछा कि क्या पीएम के लिए एक टॉयलेट भी रिजर्व किया जाना चाहिए।

दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को झारखंड के गोड्डा जिले में शुक्रवार को लगभग दो घंटे तक रोके रखा गया। इस पर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर रोकना राजनीति से प्रेरित थी। जबकि अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को लगभग दो घंटे तक देवघर हवाईअड्डे पर फंसे रहे। इस दौरान क्षेत्र के हवाई क्षेत्र में ‘नो-फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया गया।

खरगे ने कहा कि कल हमारे नेता राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को जानबूझकर दो घंटे रोक कर रखा गया, क्योंकि पीएम अपने विमान में बैठे थे। आज मेरे हेलीकॉप्टर को 20 मिनट की देरी हुई क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उतर रहे थे। जबकि उनका रास्ता अलग था और मेरा अलग था।

खड़गे ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं। कैबिनेट मंत्री का दर्जा रखते हैं । लेकिन अधिकारी कहते हैं कि हवाई अड्डे का रिजर्व लाउंज प्रधानमंत्री मोदी के लिए है। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या प्रधानमंत्री के लिए एक टॉयलेट भी रिजर्व किया जाना चाहिए।

घुसपैठ के मुद्दे पर भाजपा पर हमला करते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी और शाह इसे रोकने की शक्ति होने के बावजूद लोगों को डरा रहे हैं। क्या पीएम मोदी और अमित शाह सो रहे हैं? सत्ता में होने के बावजूद वे घुसपैठ क्यों नहीं रोक सकते? उन्होंने सवाल किया कि जब वे हेलीकॉप्टर रोक सकते हैं, तो वे घुसपैठियों को क्यों नहीं रोक सकते?

खड़गे ने केंद्र पर कांग्रेस और उसके सहयोगियों की मदद करने वालों के खिलाफ ईडी, सीबीआई, आईटी का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों को लूटने के लिए वहां सरकार बनाना चाहती है।

उन्होंने कहा, “वे कहते हैं ‘बंट गए तो कट गए’, मैं कहता हूं ‘डर गए तो मर गए।” उन्होंने सरना धार्मिक कोड को आदिवासी गौरव का प्रतीक बताया और इसकी रक्षा करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *