हफ्ते में 2 बार या हर दूसरे दिन? जानें गर्मियों में बाल धोने का ये परफेक्ट फॉर्मूला

गर्मियों के मौसम में धूप, पसीना और बढ़ता प्रदूषण सिर्फ स्किन को ही नहीं बल्कि हमारे बालों की सेहत को भी बिगाड़ देता है। इस मौसम में अक्सर लोगों को चिपचिपे स्कैल्प और बालों के बेजान होने की समस्या घेरे रहती है। ऐसे में ज्यादातर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि बालों को गर्मियों में कितनी बार धोना फायेदमंद होता है। जिससे बालों की जड़ भी कमजोर न हो और बाल स्वस्थ रहें।

हेयर एक्सपर्ट्स की मानें तो बालों को धोने की संख्या इस बात पर निर्भर करती है कि आपके बालों की प्रकृति कैसी है। बिना सोचे-समझे हर दिन शैंपू का इस्तेमाल आपके बालों की प्राकृतिक चमक छीन सकता है।

बालों की समस्या

हमारे सिर की त्वचा प्राकृतिक रूप से सीबम नामक तेल का उत्पादन करती है। यह तेल बालों को हाइड्रेटेड रखने और उन्हें बाहरी नुकसान से बचाने का काम करता है। गर्मियों में जब पसीना आता है तो यह सीबम धूल और गंदगी के साथ मिलकर स्कैल्प पर एक परत बना लेता है जिससे पोर्स बंद हो सकते हैं। इससे खुजली और डैंड्रफ की समस्या बढ़ जाती है। लेकिन बार-बार शैंपू करने से यह प्राकृतिक तेल पूरी तरह खत्म हो सकता है जिससे बाल झाड़ू जैसे रूखे और बेजान दिखने लगते हैं।

कब धोने चाहिए बाल

ऑयली बाल: यदि आपके बाल बहुत जल्दी चिपचिपे हो जाते हैं तो आपको हफ्ते में कम से कम 3 बार शैंपू करना चाहिए।

सूखे और घुंघराले बाल: घुंघराले बालों में प्राकृतिक तेल नीचे तक नहीं पहुंच पाता। ऐसे लोगों को हफ्ते में 1 या 2 बार से ज्यादा बाल नहीं धोने चाहिए।

पतले और सीधे बाल: ऐसे बाल जल्दी तैलीय दिखने लगते हैं इसलिए इन्हें हर दूसरे दिन धोना सही रहता है।

शैंपू करने का सही तरीका

सिर्फ बाल धोना काफी नहीं है बल्कि सही तरीका अपनाना भी जरूरी है। कभी भी शैंपू को सीधे बालों पर न उंडेलें। पहले हथेली पर थोड़ा शैंपू लेकर उसमें पानी मिलाएं और झाग बनाएं फिर केवल स्कैल्प पर मसाज करें। साथ ही बहुत गर्म पानी के इस्तेमाल से बचें क्योंकि यह बालों की नमी चुरा लेता है। हमेशा हल्के गुनगुने या ताजे पानी का ही उपयोग करें।

कंडीशनर है अनिवार्य

गर्मियों में धूप बालों की ऊपरी परत को नुकसान पहुंचाती है। शैंपू के बाद कंडीशनर का इस्तेमाल बालों को एक सुरक्षात्मक परत देता है जिससे वे उलझते नहीं हैं और टूटने से बचते हैं। ध्यान रहे कि कंडीशनर केवल बालों की लंबाई पर लगाएं स्कैल्प पर नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *