दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) निजी वाहनों के उपयोग को कम करने और वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए अपने पार्किंग शुल्क को दोगुना करने की योजना बना रहा है। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि इसके लिए एक प्रस्ताव आगामी 14 नवंबर को होने वाली एमसीडी सदन की बैठक में पेश किया जाएगा। उसी दिन दिल्ली के अगले मेयर और डिप्टी मेयर के लिए चुनाव होंगे।
ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP)-II के तहत पार्किंग शुल्क बढ़ाने का विचार कुछ समय से एजेंडे में है। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में एमसीडी ने शुल्क चार गुना बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन, विचार-विमर्श के बाद अब शुल्क सिर्फ दो गुना बढ़ाने का संशोधित प्रस्ताव तैयार किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि आगामी सदन की बैठक में हम पार्किंग शुल्क बढ़ाने के लिए मंजूरी मांगेंगे। व्यापक विचार-विमर्श के बाद एमसीडी ने चार गुना वृद्धि के बजाय पार्किंग शुल्क को दोगुना करने के अपने प्रस्ताव को संशोधित किया है। एक बार यह प्रस्ताव पारित हो जाने के बाद जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) सहित अन्य एजेंसियों ने सीएक्यूएम के निर्देशों के तहत शुल्क वृद्धि पहले ही लागू कर दी है।एनडीएमसी ने वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के निर्देशों का पालन करते हुए अक्टूबर में अपने पार्किंग शुल्क को दोगुना कर दिया।
एमसीडी इसे लागू करने से पहले प्रस्ताव को सदन से मंजूरी मिलने का इंतजार कर रही है। प्रदूषण से निपटने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के चरण II के हिस्से के रूप में अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर, रेस्तरां में कोयले और लकड़ी के जलाने पर रोक और डीजल जनरेटर के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है।अगला