बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ मध्य प्रदेश के गुना में एक बड़े विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। ‘हिंदू आक्रोश रैली’ में हजारों लोगों ने हाथ में बैनर-पोस्टर लेकर मार्च निकाला। इस दौरान साध्वी राधा किशोरी ने विवादित बयान भी दे डाला। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार रोकने की अपील करते हुए भारतीय मुसलमानों को ही धमकी दे डाली और कहा कि उन्हें याद रखना चाहिए कि उनके भाईजान भारत में हैं और वे भी सुरक्षित नहीं रहेंगे।
राधा किशोरी ने हिंदुओं से एक होने की अपील करते हुए कहा कि भारत को बांग्लादेश बनने से बचाने के लिए एकजुट रहना है। उन्होंने पड़ोसी देश में हिंदुओं पर अत्याचार का जिक्र करते हुए देश के मुसलमानों से ही बदला लेने की धमकी दे डाली। साध्वी ने कहा, ‘मैं बांग्लादेश के लोगों को बताना चाहती हूं कि जो अत्याचार तुम हमारे भाई-बहनों पर कर रहे हो, यहां भारत में भी आपके कुछ भाई हैं, जिन्हें आप भाईजान कहते हो। वो भारत में सुरक्षित नहीं रहेंगे, यदि बांग्लादेश में हिंदुओं को परेशान किया तो। वहां की सरकार भी कान खोलकर सुन ले कि हमारा हिंदू सड़कों पर आ चुका है। बहुत सह लिया, अब नहीं सहेंगे। हम हिंदू हैं, हम लेकर ही रहेंगे।’