बेटे ने 8 साल बाद लिया पिता की मौत का बदला, गुरुग्राम में पूर्व NSG कमांडो की हत्या, CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात

हरियाणा के गुरुग्राम स्थित कासन इलाके में वीरवार सुबह खून-खराबे की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. कासन गांव के बीच बाजार में 55 वर्षीय पूर्व NSG कमांडो सुंदर, जिन्हें इलाके में सुंदर फौजी के नाम से जाना जाता था, की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. बताया जा रहा है कि यह हत्या 8 साल पहले हुए एक सरपंच के मर्डर का बदला लेने के लिए की गई है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.

यह खौफनाक वारदात वीरवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सुंदर फौजी बाजार में एक चबूतरे पर बैठे थे, तभी दो युवक पीछे से आए और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. पहली गोली लगते ही सुंदर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावरों ने उन पर कई और राउंड फायर किए. महज 10 सेकंड के भीतर इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.

सुंदर फौजी खुद एक हत्या के मामले में जेल में सजा काट रहा था. जानकारी के मुताबिक, सुंदर ने 12 अप्रैल 2018 को कासन गांव के सरपंच बहादुर की गोली मारकर हत्या कर दी थी. बहादुर भी सेना से रिटायर्ड थे और दोनों में गहरी दोस्ती थी, लेकिन अचानक हुए उस मर्डर ने सबको चौंका दिया था. सुंदर फौजी अपनी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए हाल ही में 17 दिन की पेरोल पर जेल से बाहर आया था. मेहमानों के जाने के बाद वह घर पर ही था और इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई.

मृतक सुंदर फौजी की पत्नी ने सीधे तौर पर पूर्व सरपंच बहादुर के बेटों पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बहादुर के बेटे रोहन और सतपाल के बेटों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. पत्नी के अनुसार, सुंदर अपनी आंखों का ऑपरेशन करवाने वाले थे और वह उनके लिए रेफरल लेटर भी लेकर आई थीं, लेकिन इससे पहले ही उन्हें मार दिया गया. उन्होंने बताया कि बहादुर ने उनसे करीब 2 करोड़ रुपए ले रखे थे, जिसकी वजह से पहले रंजिश शुरू हुई थी.

घटना की सूचना मिलते ही आईएमटी मानेसर के थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली खोल और एक सिक्का बरामद किया है. थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि प्राथमिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है. पुलिस के अनुसार, सुंदर फौजी ने पहले बहादुर का मर्डर किया था और अब बहादुर के बेटे रोहन का नाम इस हत्याकांड में सामने आ रहा है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *