बॉलीवुड से लेकर आम लोगों के दिलों पर राज करने वाले दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के जाने का गम आज भी देश भुला नहीं पाया है। हाल ही में उनकी 6वीं पुण्यतिथि गुजरी है और इसी इमोशनल कर देने वाले मौके पर अब बॉलीवुड से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की रहस्यमयी मौत के मामले को सेंटर में रखकर अब एक नई बॉलीवुड फिल्म बनने जा रही है। इस फिल्म का नाम ‘सॉरी बाबू’ रखा गया है जिसका पहला ऑफिशियल लुक सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।
फिल्म ‘सॉरी बाबू’ का जो पहला लुक दर्शकों के सामने पेश किया गया है वह बेहद गंभीर और रोंगटे खड़े कर देने वाला है। फिल्म के पोस्टर में हॉस्पिटल के मोर्चरी यानी शवगृह का एक बेहद सजीव और डरावना सीन दिखाया गया है जहां डॉक्टर और स्टाफ एक शव के पास खड़े नजर आ रहे हैं। फिल्म पोस्टर पर ऊपर की तरफ एक टैगलाइन लिखी है जो बताती है कि बहुत जल्द पूरी सच्चाई सबके के सामने आने वाली है। फिल्म ‘सॉरी बाबू’ का पोस्टर साफ इशारा करता है कि फिल्म में सुशांत केस से जुड़े कई अनकहे और अनसुने पहलुओं को बेहद बारीकी से छूने की कोशिश की जाएगी।
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को 6 साल का लंबा वक्त बीत चुका है लेकिन आज भी उनके फैंस इस घटना को एक अनसुलझी पहेली की तरह देखते हैं।
फिल्म ‘सॉरी बाबू’ के जरिए मेकर्स इसी दर्द और न्याय की मांग को दर्शकों के बीच एक बड़े विमर्श के रूप में लाना चाहते हैं। यह फिल्म सिर्फ एक साधारण कहानी नहीं होगी बल्कि उन तमाम सवालों को दोबारा जीवित करेगी जो पिछले 6 सालों से आम लोगों के जहन में तैर रहे हैं।
फिल्म ‘सॉरी बाबू’ बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट को जमीनी पर उतारने के लिए एसएसआर फिल्म्स प्रोडक्शन ने कमर कसी है। फिल्म के लेखन और डायरेक्शन की पूरी कमान दीपक भागवत संभाल रहे हैं जिन्होंने पटकथा को वास्तविक घटनाक्रम के बेहद करीब रखने का प्रयास किया है।
वहीं सुशांत सिंह राजपूत की कहानी पर बनने वाली इस स्टोरी को सुरजीत सिंह राठौर ने अपने शब्दों में पिरोया है जो खुद इस पूरी फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते हुए नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के जरिए बॉक्स ऑफिस की दुनिया के हालातों और भाई-भतीजावाद से जुड़े कई कड़वे सच को भी बड़े पर्दे पर लाने का दावा किया जा रहा है।