ड्यूटी से घर लौटे ट्रैफिक दरोगा के सीने में हुआ दर्द, पलभर में चली गई जान

अयोध्या में सीने में दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल पहुंचे ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर योगेन्द्र प्रसाद की सोमवार की सुबह मौत हो गई। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका व्यक्त की है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। उनकी तैनाती परिक्रमा मेले में अयोध्या के आसिफबाग चौराहे पर थी। वह जिले में दिसम्बर 2023 से यातायात पुलिस में तैनात थे।

ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर योगेन्द्र प्रसाद रविवार/सोमवार की रात में अयोध्या के आसिफबाग चौराहे से अपनी ड्यूटी करने के बाद पुलिस लाइन स्थित आवास में आए। सुबह उनको सीने में दर्द की शिकायत हुई। जिसके बाद अन्य पुलिसकर्मी उन्हें जिला अस्पताल ले गये। जहां इलाज के दौरान चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। योगेन्द्र देवरिया जिले के बिहार बार्डर के पास स्थित बनकटा के रहने वाले थे। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन वहां से चल चुके है। आरआई पुलिस लाइन बृजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने सुबह सीने में दर्द बताया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल लेकर जाया गया। वहां हार्ट अटैक की आशंका व्यक्त की गई। उनकी उम्र करीब 59 वर्ष की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *