पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद में दो गुट आपस में भिड़े… कई वाहनों में लगा दी आग

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के रविवार रात पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद हो गया. इसको लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए. इस दौरान कुछ बदमाशों ने कई वाहनों और दुकानों में आग लगा दी, जिससे जिले में तनाव का माहौल बन गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया. पुलिस का कहना है कि शहर में शांति है. नागरिकों से अनुरोध है कि अफवाहों पर ध्यान न दें.  

पुलिस अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 9 बजे धाड़ गांव के शिवाजी महाराज चौक पर कुछ लोग पटाखे फोड़ रहे थे. इसका वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया. विरोध के चलते विवाद हो गया और दो गुट आमने-सामने भिड़ गए. इस दौरान वहां मौजूद ऑटो, बाइक और मालवाहक वाहनों में आग लगा दी गई.

अन्य उपद्रवियों की तलाश कर रही है धाड़ पुलिस

सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को मौके से हटाया. पुलिस ने इस मामले में 35 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और 17 लोगों को गिरफ्तार किया है. धाड़ पुलिस अन्य उपद्रवियों की तलाश कर रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. 

मामले में पुलिस ने कही ये बात

थाना  अधिकारी डीडी महामुनि ने बताया कि धाड़ के शिवाजी चौक पर पटाखे फोड़ने के कारण दो गुटों में विवाद हो गया, जिसके बाद पथराव हुआ और वाहनों में आग लगा दी गई. मामले में 17 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल, शहर में शांति है. नागरिकों से अनुरोध है कि अफवाहों पर ध्यान न दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *