बेंगलुरु के एक कपल ने फेसबुक पर ऐसा क्या पोस्ट किया, घर पहुंची पुलिस और कर लिया गिरफ्तार

बेंगलुरु में एक कपल ने फेसबुक पर अपनी बालकनी में बगीचे का ऐसा वीडियो पोस्ट किया, जिसने उनकी परेशानी बढ़ा दी। जैसे ही पुलिस को उनकी करतूत का पता लगा, लाव-लश्कर के साथ पहुंची पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पूछताछ के दौरान पता लगा है कि मूल रूप से सिक्किम का यह कपल पिछले दो साल से बेंगलुरु में रह रहा है। वे एक लोकल रेस्टोरेंट चलाते हैं। पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी की वजह भी सामने आई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिक्किम के नामची के रहने वाले 37 वर्षीय सागर गुरुंग और उनकी 38 वर्षीय पत्नी उर्मिला कुमारी दो साल से सदाशिवनगर के एमएसआर नगर इलाके में रह रहे हैं। उर्मिला हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐक्टिव हुई और उन्हें अपने घर के बगीचे में तरह-तरह के पौधे उगाने और उनके वीडियो पोस्ट करने का शौक है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, उर्मिला द्वारा फेसबुक पर पोस्ट किए वीडियो में गांजा के पौधे भी शामिल थे।

जब उर्मिला के एक फॉलोअर ने वीडियो में फूलों के गमलों के बीच गांजा के पौधे देखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद बीते 5 नवंबर को पुलिस ने दंपति के घर छापा मारा। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दंपति को इसका शक हो चुका था। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, उनके एक रिश्तेदार ने उन्हें बगीचे से गांजे के पौधे हटाने की सलाह दी थी। जब पुलिस पहुंची तो तलाशी के दौरान अधिकारियों ने पाया कि दंपति पहले ही जल्दबाजी में गमलों से गांजे के पौधे हटा चुका था। इसके बावजूद पुलिस टीम को गमलों में गांजा के पौधों के निशान पाए गए, और कुछ पत्ते दिखाई दे रहे थे।

आगे की पूछताछ के बाद सागर और उर्मिला ने गांजा की खेती करने की बात कबूल की। अधिकारियों ने गमलों से 54 ग्राम गांजा बरामद किया और सोशल मीडिया पोस्ट अपलोड करने के लिए इस्तेमाल किए गए उर्मिला के मोबाइल फोन सहित उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए। दंपति पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं।

अधिकारियों का कहना ​​है कि कपल बड़े पैमाने पर यह काम कर रहा था, संभवतः बेचने के लिए उन्होंने गांजा की खेती की। पुलिस ने पुष्टि की है कि तस्वीरें 18 अक्टूबर को अपलोड की गई थीं। गिरफ्तारी के बाद दंपति को थाने से जल्दी जमानत भी मिल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *