दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने केजरीवाल के सवाल का करारा जवाब देते हुए उन्हें सच्चाई से अवगत कराया है। केजरीवाल द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर किए गए “आप कौन हैं?” वाले पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि कभी पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पूछा था, “कौन अमित शाह?” समय हर प्रश्न का उत्तर देता है। अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका, आप कौन?
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर थे। उन्होंने रविवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था।
उन्होंने कहा था कि, “मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि लोग आपके बहकावे में आ जाएंगे। जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तब आप मौन रहते हैं। सनातन का अपमान उत्तर प्रदेश और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। हमने अपनी विरासत को संजोया है और इसके लिए हमारे पुरखों ने कुर्बानियां तक दी हैं।”
नितिन नवीन के इसी बयान से जुड़ी भाजपा की एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए अरविंद केजरीवाल ने लिखा, “आप कौन हैं?” इसके बाद सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर पलटवार करते हुए लिखा, “मिस्टर नितिन नवीन, 46 साल के, दुनिया की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पार्टी, भारतीय जनता पार्टी के सबसे कम उम्र के नेशनल प्रेसिडेंट हैं।”
रेखा गुप्ता ने आगे लिखा, “उन्हें बिहार के बांकीपुर असेंबली सीट से लगातार चार बार रिप्रेजेंट करने का सम्मान मिला है। युवा मोर्चा में एक एक्टिविस्ट के तौर पर शुरुआत करके, उन्होंने पार्टी के नेशनल प्रेसिडेंट बनने तक का सफर तय किया है। अभी, वे दुनिया की सबसे बड़ी डेमोक्रेसी में पार्लियामेंट के अपर हाउस के मेंबर चुने गए हैं। यह उनका एक छोटा सा इंट्रोडक्शन है।”
सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा, “आप हताश और निराश हैं, यह बात सभी जानते हैं। लेकिन लगता है कि आपका अहंकार अभी भी सातवें आसमान पर है। वैसे, कभी ममता बनर्जी ने भी पूछा था, ‘कौन अमित शाह?’ समय हर सवाल का जवाब देता है। अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका, आप कौन?”