छत्तीसगढ़ एनालॉग पनीर कार्रवाई के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कामयाबी हासिल की है। प्रदेश में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के दौरान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में मध्य प्रदेश से लाया जा रहा लगभग 1500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया है।
साल्हेवारा पुलिस ने वाहन से पकड़े 30 बॉक्स
जानकारी के अनुसार, साल्हेवारा पुलिस टीम ने वाहन क्रमांक MP-04 WC 8386 से ले जाए जा रहे प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के कुल 30 बॉक्स (लगभग 1500 किलोग्राम) बरामद किए और आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सौंप दिया। जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति या फर्म ने इस खेप पर अपना दावा या स्वामित्व पेश नहीं किया।
किसी भी बॉक्स पर नहीं था अनिवार्य लेबल विवरण
जब्त किए गए सभी 30 बॉक्स की जांच में सामने आया कि उन पर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार जरूरी जानकारी दर्ज नहीं थी। किसी भी बॉक्स पर सामग्री के Ingredients, निर्माण तिथि, एक्सपायरी (समाप्ति) तिथि, बैच या लॉट नंबर, निर्माता फर्म का नाम-पता और संपर्क नंबर जैसी अनिवार्य जानकारी नहीं मिली। राज्य में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध होने के कारण पूरे 1,500 किलोग्राम पनीर का विनष्टीकरण करा दिया गया।
रायपुर के बाद खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सख्त कदम
इस कार्रवाई से दो दिन पहले ही रायपुर में भी करीब 100 किलोग्राम एनालॉग पनीर नष्ट कराया गया था। विभाग की यह मुहिम नियंत्रक सह आयुक्त दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में चलाई जा रही है।
नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि एनालॉग पनीर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। प्रदेश में इसके निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध है। “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” अभियान के तहत एनालॉग पनीर के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।