बस्तर फसल बीमा फर्जीवाड़ा मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जगदलपुर के बुरगुम थाना पुलिस ने किसानों की शिकायत पर जांच करते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फर्जी हस्ताक्षर कर बीमा राशि का लाभ लेने के आरोप में यह गिरफ्तारी की है।
जामगांव के किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर ली थी बीमा राशि
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जामगांव के किसानों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार कर आरोपियों ने बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी से बीमा राशि प्राप्त की थी। इस तरह आरोपियों ने संबंधित किसानों और बीमा कंपनी के साथ धोखाधड़ी को अंजाम दिया। शिकायत मिलने के बाद बुरगुम थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
दो आरोपी भेजे गए न्यायिक रिमांड पर, तीसरे की तलाश जारी
अब तक की पुलिस जांच में इस फर्जीवाड़े में कुल तीन आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मुन्ना लाल बघेल और अनिल सेठिया को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में शामिल तीसरा आरोपी गिरीश चंद सेठिया फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए बस्तर पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।