रायपुर: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान हेतु 18 करोड़ 42 लाख रुपए का भारी-भरकम आवंटन जारी कर दिया है। यह राशि शिक्षकों को 6 महीने के मानदेय के रूप में दी जाएगी। शासन द्वारा तय नियमों के मुताबिक, अतिथि शिक्षकों का प्रतिमाह मानदेय 20,000 रुपए निर्धारित किया गया है।
प्रदेश के 25 जिलों के 1535 शिक्षकों को मिलेगा फायदा
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, इस फंड से प्रदेश के 25 अलग-2 जिलों में कार्यरत कुल 1,535 अतिथि शिक्षकों के बैंक खातों में मानदेय की राशि पहुंचाई जाएगी। इस वित्तीय आवंटन से खासकर बस्तर और सरगुजा संभाग के दूरदराज इलाकों के शिक्षकों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
जानिए किस जिले को कितनी राशि मिली?
जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, विभिन्न जिलों में अतिथि शिक्षकों और उनके लिए स्वीकृत बजट का विवरण इस प्रकार है:
- बस्तर संभाग के जिले:
- बस्तर: 133 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपए
- कोंडागांव: 141 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 69 लाख 20 हजार रुपए
- कांकेर: 126 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपए
- सुकमा: 48 अतिथि शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए
- बीजापुर: 48 अतिथि शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए
- नारायणपुर: 36 अतिथि शिक्षकों के लिए 43 लाख 20 हजार रुपए
- दंतेवाड़ा: 31 अतिथि शिक्षकों के लिए 37 लाख 20 हजार रुपए
- सरगुजा संभाग एवं अन्य प्रमुख जिले:
- बलरामपुर: प्रदेश में सर्वाधिक 220 अतिथि शिक्षकों के लिए 2 करोड़ 64 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
- सूरजपुर: 130 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपए।
- सरगुजा: 71 अतिथि शिक्षकों के लिए 85 लाख 20 हजार रुपए जारी किए गए हैं।
इस तरह कुल 25 जिलों के लिए बजट जारी होने से अब शिक्षकों के छह महीने के बकाए मानदेय भुगतान का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। जल्द ही यह राशि संबंधित जिलों के माध्यम से शिक्षकों के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।