छत्तीसगढ़ के लिए गौरवशाली पल: स्वच्छता में रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, राष्ट्रपति मुर्मु करेंगी सम्मानित

रायपुर: स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों—रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में इन तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। इस सफलता से पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है।

राष्ट्रपति के हाथों मिलेगा सम्मान, सफाई मित्रों का बढ़ेगा मान

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में होने वाले इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में चयनित शहरों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर काम करने वाले सफाई मित्रों और स्वच्छता कर्मचारियों को भी विशेष रूप से मंच पर सम्मान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी इस गरिमामयी समारोह में उपस्थित रहेंगे।

सीएम साय और डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेषकर सफाई मित्रों को हार्दिक बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह सम्मान उन हजारों सफाई मित्रों के परिश्रम का सम्मान है, जो प्रतिदिन हमारे शहरों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अथक मेहनत करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता अब जनभागीदारी से चलने वाला एक व्यापक जनआंदोलन बन चुका है।”

वहीं, उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने भी इस सफलता पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्थानीय निकायों की सक्रियता और नागरिकों के सहयोग का परिणाम है, जो प्रदेश के अन्य शहरों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *