रायपुर में खौफनाक वारदात: ‘अंधा प्रेम’ बना काल, सनकी प्रेमी ने प्रेमिका को जिंदा जलाया; सड़क पर तड़पती रही महिला

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। माना एयरपोर्ट इलाके में एक सनकी प्रेमी ने अपने कथित ‘अंधे प्यार’ की सारी हदें पार करते हुए अपनी प्रेमिका को जिंदा जलाकर मार डाला। आग की लपटों से घिरी महिला जान बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती और तड़पती हुई सड़क पर दौड़ती रही, लेकिन उसकी दर्दनाक चीखें उस दरिंदे का दिल नहीं पिघला पाईं। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच माना बस्ती से बरौंदा जाने वाली सड़क पर एटीसी बिल्डिंग के पीछे घटी। रात के वक्त राहगीरों और ग्रामीणों ने एक महिला को आग की लपटों में घिरा और चीखते हुए देखा। तुरंत इसकी सूचना डायल-112 की टीम को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुरी तरह झुलसी महिला को तत्काल इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया। महिला शरीर के 65 से 70 प्रतिशत हिस्से तक जल चुकी थी, और इलाज के दौरान सोमवार रात उसकी सांसें थम गईं।

कौन थी मृतका और क्या थी पृष्ठभूमि?

मृतक महिला की पहचान आरंग के समोदा गांव की रहने वाली राजकुमारी साहू (35) के रूप में हुई है। परिजनों और पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी अपने पति से करीब पांच साल पहले अलग हो चुकी थी। इसके बाद वह रायपुर के बोरियाकला इलाके में शदाणी दरबार के पास अकेले रहकर छोटे-मोटे घरेलू काम करके अपना गुजारा कर रही थी।

मिलने के बहाने बुलाया और उतार दिया मौत के घाट

एएसपी ग्रामीण अभिषेक झा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका राजकुमारी और आरोपी बीरू धीवर के बीच काफी समय से संबंध थे। घटना वाली रात बीरू ने ही उसे मिलने के वास्ते खास तौर पर बुलाया था। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात खुलकर सामने आई है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से अपने साथ पेट्रोल लेकर वहां पहुंचा था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया।

पुराना आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस की तहकीकात में यह चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी बीरू धीवर बेहद शातिर और सनकी किस्म का है। वर्ष 2021 में वह आरंग के मोखला गांव गया था, जहां उसने राजकुमारी की सास पर टंगिये (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला किया था। पुलिस अब इस पुराने मामले और वर्तमान नृशंस हत्या के बीच के कनेक्शन को खंगालने में जुटी हुई है।

आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

राजकुमारी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की और फरार चल रहे आरोपी बीरू धीवर को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि इस सनसनीखेज कत्ल के पीछे की हर एक सच्चाई सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *