25 से लेकर 30 जून तक कई दिनों तक बंद रहेंगे बैंक, आपके शहर में कब-कब रहेगी छुट्टी, चेक करें RBI हॉलिडे लिस्ट

Bank Holidays This Week : जून का आखिरी सप्ताह शुरू हो चुका है. अगर आप बैंक जाकर कोई जरूरी काम निपटाने की प्लानिंग रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यह जरूर जान लें कि आपके शहर में बैंक खुला है या बंद. कहीं ऐसा न हो कि आप बैंक पहुंचें और वहां छुट्टी होने की वजह से  ताला लटका मिले और आपको वापस लौटना पड़े.दरअसल,रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के कैलेंडर के मुताबिक, 25 जून से 30 जून के बीच देश के अलग-अलग राज्यों में कई बैंक छुट्टियां पड़ रही हैं. इनमें मुहर्रम, स्थानीय त्योहारों और वीकेंड की छुट्टियां शामिल हैं.

ऐसे में कुछ शहरों में लगातार कई दिनों तक बैंक की छुट्टी रहने वाली हैं. इसलिए बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम पहले से निपटा लेना बेहतर रहेगा. यहां हम आपको बताएंगे किआपके शहर में किस वजह से और कब-कब बैंक बंद रहने वाले हैं.अगर आपके शहर में बैंक बंद है, तो आप अपने जरूरी काम को घर बैठे ऑनलाइन तरीके से कैसे निपटा सकते हैं…

25 जून को कहां बंद रहेंगे बैंक?

25 जून को मुहर्रम के मौके पर आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे. इस दिन बाकी ज्यादातर राज्यों में बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे.

26 जून को इन शहरों में नहीं खुलेंगे बैंक

26 जून को मुहर्रम के कारण देश के कई बड़े शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. इस दिन अगरतला, आइजोल, बेलापुर, बेंगलुरु, भोपाल, चेन्नई, हैदराबाद, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना, रायपुर, रांची और श्रीनगर में बैंकिंग सेवाएं शाखाओं में उपलब्ध नहीं होंगी.

27 और 28 जून को पूरे देश में बंद रहेंगे बैंक

27 जून को महीने का चौथा शनिवार है. आरबीआई के नियमों के मुताबिक, सभी सरकारी और निजी बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं. इसके अगले दिन 28 जून को रविवार है. इसलिए पूरे देश में बैंक शाखाएं लगातार दो दिन बंद रहेंगी.यानी 27 और 28 जून को किसी भी शहर में बैंक की शाखाओं में काम नहीं होगा.

29 और 30 जून  को कहां-कहां रहेगी बैंक की छुट्टी?

29 जून को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में संत गुरु कबीर जयंती के मौके पर बैंक बंद रहेंगे. 30 जून को आइजोल में ‘रेमना नी’ के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. इसलिए यहां रहने वाले लोगों को बैंक से जुड़े काम पहले ही पूरे कर लेने चाहिए.

 जून में  11 दिन बैंकों की छुट्टियां

भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने जून महीने में  कुल मिलाकर 11 दिन बैंक हॉलिडे दिया है. इसमें दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा महीने के सभी रविवार भी शामिल हैं.बता दें कि सभी छुट्टियां पूरे देश में लागू नहीं होतीं. कई छुट्टियां सिर्फ कुछ राज्यों या शहरों के लिए होती हैं. इसलिए बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें.

बैंक बंद होने पर भी नहीं रुकेगा आपका काम

अगर आपके शहर में बैंक बंद है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. बैंक ब्रांच भले बंद रहें, लेकिन डिजिटल बैंकिंग  सामान्य रूप से चलती रहेंगी.आप UPI, मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग और बैंकिंग ऐप की मदद से पैसे भेज सकते हैं, पैसे रिसिव भी कर सकते हैं, ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं और अपना बैलेंस भी चेक कर सकते हैं. ये सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं.

अगर आपको  कैश अपने खाते में जमा करना है, तो कई बैंकों के बाहर लगी कैश डिपॉजिट मशीन का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा एटीएम से कैश निकालने की सुविधा भी हमेशा की तरह चालू रहेगी.

क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और एटीएम कार्ड से जुड़े कई काम भी डिजिटली किए जा सकते हैं. वहीं कुछ बैंक ऑनलाइन माध्यम से चेकबुक  और अन्य बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध कराते हैं.

बैंक जाने से पहले जरूर देखें हॉलिडे लिस्ट

अगर आने वाले दिनों में आपको SBI, HDFC Bank या किसी अन्य बैंक ब्रांच में जाना है, तो पहले आरबीआई की बैंक हॉलिडे लिस्ट या अपने नजदीकी बैंक शाखा से छुट्टी के बारे में जरूर पता कर लें. इससे आपका समय बचेगा और किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *