पखांजूर लिंक कार्यालय को यथावत रखने की मांग, जनपद अध्यक्ष ने SDM को सौंपा ज्ञापन

पखांजूर। जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा की अध्यक्ष श्रीमती श्यामाबत्ती मंडावी ने जनपद सदस्यों के साथ मिलकर पखांजूर स्थित जनपद पंचायत लिंक कार्यालय को वर्तमान व्यवस्था के अनुसार संचालित रखने की मांग को लेकर एसडीएम पखांजूर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में क्षेत्र की 85 ग्राम पंचायतों के हितों की रक्षा और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि पखांजूर लिंक कार्यालय पिछले कई वर्षों से सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। वर्तमान व्यवस्था के तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सप्ताह में दो दिन कोयलीबेड़ा और दो दिन पखांजूर कार्यालय में कार्य करते हैं, जिससे दोनों क्षेत्रों के प्रशासनिक कार्यों का संचालन बेहतर तरीके से हो रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कोयलीबेड़ा जनपद के अंतर्गत केवल 18 ग्राम पंचायतें आती हैं, जबकि पखांजूर लिंक कार्यालय के अंतर्गत 85 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। ऐसे में यदि वर्तमान व्यवस्था में बदलाव किया जाता है तो बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों के विकास कार्य और आम जनता प्रभावित हो सकती है।

ज्ञापन में कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया है। जनपद सदस्यों ने आरोप लगाया कि हाल ही में जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा कार्यालय में हुए आंदोलन के दौरान कर्मचारियों को बंधक जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा, जिससे उनमें असुरक्षा की भावना बनी हुई है।

जनपद अध्यक्ष श्यामाबत्ती मंडावी और अन्य जनपद सदस्यों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पखांजूर लिंक कार्यालय की वर्तमान व्यवस्था को यथावत रखा जाए तथा कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *