DUSU इलेक्शन रिजल्ट का दिन कन्फर्म, दिल्ली हाई कोर्ट ने दी मंजूरी; क्यों लगी थी रोक?

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नतीजे 21 नवंबर को घोषित किये जाएंगे। चुनाव लगभग दो महीने पहले हुए थे। चुनाव 27 सितंबर को हुए थे और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परिणाम अगले दिन ही घोषित किए जाने थे। इस साल 1.45 लाख पात्र मतदाताओं में से 51,379 छात्रों ने वोट डाले जो पिछले कम से कम 10 वर्षों में सबसे कम मतदान रहा।

चुनाव के दौरान प्रचार सामग्री के कारण सार्वजनिक स्थान व्यापक रूप से खराब हो गए थे। दिल्ली हाई कोर्ट ने मामले का संज्ञान लिया और सभी मुद्दों का समाधान होने तक परिणामों पर रोक लगा दी थी। इस मामले पर जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय पैनल और कॉलेज प्रतिनिधियों के लिए मतों की गिनती 21 नवंबर को सुबह 8:30 बजे निर्वाचन आयोग की एक टीम की मौजूदगी में डीयू कॉन्फ्रेंस सेंटर में शुरू होगी।

दिल्ली विश्वविद्यालय ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को परीक्षा विभाग के एक स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा है, जिसकी निगरानी पुलिस की एक टीम चौबीसों घंटे कर रही है। मतपेटियों को अलग-अलग कॉलेजों में सुरक्षित रखा गया है। डूसू के केंद्रीय पैनल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पद शामिल हैं और उन पदों के लिए मतदान ईवीएम के माध्यम से किया गया, जबकि कॉलेज प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए मतपत्रों का उपयोग किया गया।

हाई कोर्ट ने सोमवार को दिए गए अपने फैसले में कहा कि प्रचार अभियान के दौरान विरुपित सार्वजनिक स्थानों को यदि ठीक कर लिया गया हो तो मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। दिल्ली हाई कोर्ट ने विश्वविद्यालय को इस शर्त पर 26 नवंबर या उससे पहले नतीजे घोषित करने की अनुमति दी।

दिल्ली विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि 21 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए तैयारियां जारी हैं। सफाई का अधिकांश काम पहले ही पूरा हो चुका है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईवीएम और मतपत्र निर्वाचन आयोग की टीम की मौजूदगी में खोले जाएंगे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *