केजरीवाल ने सुनाया जागरण से लौट रहे मनीष व हिमांशु का किस्सा, बोले- पुलिस की वजह से गई जान

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को शहर के शालीमार बाग इलाके में लोगों के बीच थे। यहां उन्होंने इसी इलाके में रहने वाले मनीष और हिमांशु का किस्सा सुनाते हुए शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने समय पर कदम नहीं उठाए जिससे एक की मौत हो गई। साथ ही दिल्ली में लगातार बढ़ रहे अपराधों के लिए उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को जिम्मेदार बताते हुए उनसे इस्तीफा भी मांग लिया।

केजरीवाल ने लोगों के बीच मनीष और हिमांशु का किस्सा बताते हुए कहा, ‘हम लोग यहां पर शालीमार बाग की झुग्गी के इलाके में खड़े हुए हैं। अभी कुछ दिन पहले यहां पर बहुत दिल दहलाने वाली वारदात हुई। रात को 3 बजे के करीब इस झुग्गी बस्ती के दो लड़के हिमांशु और मनीष वो जागरण के बाद अपने घर लौट रहे थे। वो अपने घर पहुंचे ही थे कि अचानक 7-8 लड़कों ने उन पर हमला कर दिया। उनमें से मनीष को इतनी बार चाकुओं से गोदा गया कि उसकी मौत हो गई और हिमांशु बच गया।

आगे उन्होंने कह, ‘मुझे बताया गया कि मनीष की सांसे लंबे समय तक चल रही थी, पुलिस मनीष को समय पर अस्पताल नहीं ले गई, अगर पुलिस मनीष को समय पर अस्पताल ले जाती और उसे मेडिकल सुविधा मिल जाती, तो आज मनीष की मौत नहीं होती। दूसरा सबसे बड़ा मुद्दा यह है कि इस घटना के चश्मदीद हिमांशु का स्टेटमेंट अभी तक नहीं लिया गया है। FIR में जो बयान लिखा गया है वह झूठा बयान है, वह हिमांशु का स्टेटमेंट नहीं है। इससे साफ जाहिर है कि पुलिस दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है। पुलिस की किसके साथ सांठगांठ है। क्या ऊपर से आदेश आ रहे हैं।’

आगे बिगड़ती कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘मैं अमित शाह जी से पूछना चाहता हूं कि अगर उनसे दिल्ली की कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है, अगर उनको केवल देश भर में घूमकर राजनीति करनी है तो वे इस्तीफा दे दें। भाजपा वालों से अगर नहीं संभल रहा है तो भाजपा वाले इस्तीफा दे दें। चारों तरफ इतनी अफरा-तफरी मची हुई है। मैं अभी झुग्गी बस्ती से निकल रहा था, लोग दहशत में जी रहे हैं। लोग कह रहे हैं शाम छह-सात बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल हो गया है। पुलिस भी प्रोटेक्शन देने की बजाय धमकी दे रही है कि अगर कोई मुंह खोलेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। अपराधी दिल्ली में खुलेआम घूम रहे हैं और धमकियां देते फिर रहे हैं कि अगर आपने कुछ बोला तो छोड़ेंगे नहीं। अमित शाह जी ने दिल्ली को ये क्या बना रखा है। दिल्ली वाले इसको बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम पूरी दिल्ली के लोगों को इकट्ठा करेंगे।’

केजरीवाल ने कहा, ‘जब से पिछले दिनों से मैं लोगों के बीच में गली-गली में जा रहा हैं, लोगों से ये वारदातें सुनने लगा हूं, मेरे पास इतने लोगों के फोन आ रहे हैं, इतने मैसेज आ रहे हैं, चिट्ठियां आ रही हैं, इतनी शिकायतें आ रही हैं, लोग कह रहे हैं कि हमारे पास भी आओ मिलने, हमारे इलाके में भी बहुत बुरा हाल है। यहां पर नशा बिक रहा है, यहां पर चेन स्नेचिंग हो रही है, यहां पर फोन छीने जा रहे हैं। पूरी दिल्ली के अंदर अफरा-तफरी है। अब आने वाले दिनों के अंदर मैं दिल्ली के कोने-कोने में जाऊंगा, और दिल्ली वालों के साथ केजरीवाल खड़ा मिलेगा। मैं आपके साथ हूं, दिल्ली के लोगों के साथ हूं। हम अमित शाह को और बीजेपी को फोर्स करेंगे कि ये दिल्ली को सुरक्षा प्रदान करे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *