कल दलित प्रेरणा स्थल में बैठाया, आज बसों में भरकर उठाया; धरने पर बैठे किसानों पर पुलिस का ऐक्शन

नोएडा में किसानों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ा ऐक्शन लिया है। दिल्ली कूच पर कुछ दिनों के लिए ब्रेक लगाकर दलित प्रेरणा स्थल पर धरना दे रहे 100 से ज्यादा किसानों को नोएडा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। खबर है कि इन सभी को लुकसर जेल ले जाया जा रहा है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स भी तैनात हैं।

जानकारी के मुताबिक 100 से ज्यादा किसानों को बसों में भरकर जेल ले जाया जा रहा है। इससे पहले किसानों ने कल दिल्ली चलो मार्च के तहत अपनी मांगों के लिए दिल्ली जाने की योजना बनाई थी। किसानों को रोकने के लिए दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और बैरिकेंडिंग भी लगा दी गई थी।

इस दौरान किसानों को लगातार समझाने की कोशिश भी होती रही। ऐसे में किसानों ने सरकार से बातचीत की एक और कोशिश के तहत दिल्ली जाने की योजना कुछ दिनों के लिए रोक दी और दलित प्रेरण स्थल के अंदर ही विरोध प्रदर्शन का फैसला लिया। लेकिन अब खबर आ रही है कि पुलिस यहां से भी किसानों को हिरासत में लेकर जेल ले जा रही है। उनके वाहनों को भी पुलिस ने उठा लिया है। मौके से कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें दलित प्रेरणा स्थल के पास भारी पुलिस फोर्स तैनात नजर आ रही है। किसानों को खींचकर बसों में भरा जा रहा है।

भारतीय किसान यूनियन ने बुलाई आपात बैठक

इस बीच भारतीय किसान यूनियन ने सभी किसानों से एकजुट होने की अपील की है। इसमें कहा गया है कि आप सभी को अवगत कराया जाता है कि उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर में भूमि अधिग्रहण के विषय पर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनल तले आन्दोलन कर रहे किसानों को पुलिस प्रशासन के द्वारा दलित प्रेरणा स्थल से अनुचित तरीके से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह तानाशाही किसान की आवाज को नहीं दबा सकती है। गौतमबुद्धनगर के इस आन्दोलन के संबंध में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय कार्यालय किसान भवन सिसौली में आपातकालीन पंचायत की जा रही है। जिसमें भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ० नरेश टिकैत जी उपस्थित रहेंगे। आप सभी 4 बजे किसान भवन सिसौली, मुजफ्फरनगर पहुंचने का कष्ट करें।

उधर नोएडा में स्थिति बिगड़ती नजर आ रही है। किसानों को इस तरह से हिरासत से लिए जाने से नाराज अन्य किसानों ने भी लुक्सर जेल पहुंचने का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *