बिरयानी सेंटर में बिक रही थी शराब, आबकारी विभाग की रेड में कई बोतलें जब्त

मुंगेली। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। संयुक्त आबकारी टीम ने मुंगेली शहर समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और भोजनालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बस स्टैंड के समीप संचालित एक बिरयानी सेंटर में अवैध शराब बिक्री का खुलासा हुआ।

आबकारी अधिकारियों ने ग्राहक बनकर बिरयानी सेंटर में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान वहां अवैध रूप से शराब बेचे जाने की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई की गई। मौके से 18 पाव गोवा व्हिस्की सहित कुल 3.24 बल्क लीटर शराब जब्त की गई।

मामले में बिरयानी सेंटर संचालक के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर संचालित अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने जिले के अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की। जवाहर वार्ड स्थित एक मकान में दबिश देकर वहां अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने का मामला पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान शराब एवं अन्य सामग्री जब्त की गई तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *