साहू समाज के स्वाभिमान और सांस्कृतिक धरोहर को मिला नया आयाम, 1009वीं जयंती पर माता कर्मा को समर्पित डाक टिकट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की धरती आज एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी, जब भक्त माता कर्मा की 1009वीं जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित कर्माधाम परिसर में माता कर्मा को समर्पित डाक टिकट का भव्य विमोचन किया। यह डाक टिकट न केवल श्रद्धा की प्रतीक माता कर्मा के त्याग और समर्पण को अमर करता है, बल्कि साहू समाज के गौरवपूर्ण इतिहास और सांस्कृतिक परंपरा को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर भक्त माता कर्मा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। उन्होंने आदर्श विवाह समारोह में शामिल नव दंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए समाज की एकजुटता और संस्कारशीलता की सराहना की।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने डाक टिकट विमोचन को तैलिक समाज के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा यह डाक टिकट एक प्रतीक नहीं, बल्कि माता कर्मा के संघर्ष, सेवा और त्याग की राष्ट्रीय मान्यता है।

समारोह में छत्तीसगढ़ साहू समाज के अध्यक्ष श्री टहल सिंह साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया।
इस अवसर पर संत माता कर्मा आश्रम शक्तिपीठ रायपुर को सामाजिक योगदान के लिए “गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स” से सम्मानित किया गया, जो पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *