बीजापुर:
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। माओवादी विरोधी अभियान के तहत सर्चिंग पर निकले सुरक्षा बलों ने जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए नक्सलियों के एक बड़े हथियारों के जखीरे (डंप) का भंडाफोड़ किया है। यहां से आधुनिक हथियारों के साथ-साथ भारी मात्रा में विस्फोटक और कारतूस बरामद किए गए हैं।
लंका पहाड़ी के जंगलों में मिला खूफिया डंप
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, थाना बेदरे क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लंका पहाड़ी के जंगलों में सुरक्षा बल सर्चिंग और डिमाइनिंग की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान सघन चेकिंग के दौरान जमीन के अंदर छुपाकर रखे गए इस सीक्रेट माओवादी डंप का सुराग मिला। सुरक्षाकर्मियों ने सावधानीपूर्वक तलाशी लेते हुए जमीन खोदकर छिपाए गए हथियारों और गोला-बारूद को बाहर निकाला।
क्या-क्या हुआ बरामद? (हथियारों की सूची)

तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के हाथ कई खतरनाक हथियार और उपकरण लगे हैं, जिनका विवरण इस प्रकार है:
- एस.एल.आर./एल.एम.जी. रायफल: 01
- इंसास रायफल (INSAS): 01
- 315 बोर की बंदूक: 01
- बीजीएल लॉन्चर: 02
- बीजीएल शेल (BGL Shell): 17
- चाइना हैंड ग्रेनेड: 01
- एस.एल.आर. के जिंदा कारतूस: 49 राउंड
- 315 बोर के कारतूस: 15 राउंड
- बीजीएल कारतूस: 15
- एस.एल.आर. मैगजीन: 04
- 315 बोर मैगजीन: 01
- इसके अलावा अन्य सैन्य उपकरण और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।
सितंबर महीने में लगातार झटके खा रहे नक्सली
बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों द्वारा सितंबर माह के दौरान चलाए गए अभियानों में नक्सलियों के सीक्रेट डंप लगातार पकड़े जा रहे हैं। इससे पहले भी कई अलग-अलग इलाकों में बड़ी कार्रवाई की जा चुकी हैं:
- भैरमगढ़ क्षेत्र: आदवाड़ा के जंगलों से एके-47 (AK-47), पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए थे।
- फरसेगढ़ क्षेत्र: बड़ेआलवाड़ा के जंगल से .315 बोर रायफल, बड़ी संख्या में कारतूस और लगभग 8 किलो जिलेटिन के साथ वॉकी-टॉकी जैसी चीजें मिली थीं।
- मिरतुर और भोपालपटनम क्षेत्र: इंडरीपाल और नीलमड़गु के जंगलों में डेटोनेटर, नॉन-इलेक्ट्रिकल वायर, ग्रेनेड और देशी कट्टे बरामद किए गए थे।
बरामद किए गए तमाम हथियारों और सामग्रियों को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य माओवादियों की तलाश के लिए इलाके में लगातार कांबिंग गश्त और तेज कर दी गई है।