नीतीश से पहले तेजस्वी करेंगे बिहार की यात्रा, पूरा शेड्यूल तय कर लिया; इन जिलों में करेंगे संवाद

बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत बिहार में यात्राओं का दौर फिर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर प्रदेश की यात्रा पर निकलने वाले हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार 15 दिसम्बर से सीएम महिला संवाद यात्रा पर निकलेंगे। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी यात्रा का शेड्यूल जारी कर दिया है। तेजस्वी प्रसाद यादव चार दिसंबर को मुंगेर से कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा की शुरूआत करेंगे। यात्रा को लेकर तैयारी शुरू है।

चौथे चरण की संवाद यात्रा को लेकर संबंधित जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के लिए बड़े हॉल की तलाश की जा रही है। दो जिले में हॉल उपलब्ध हुआ है। इसके पूर्व तीसरे चरण की यात्रा के दौरान जमुई में रहने के दौरान झारखंड विधानसभा चुनाव एवं बिहार में चार विधानसभा सीटों के उपचुनाव की घोषणा होने के कारण यात्रा स्थगित कर दी गयी थी। वहां यात्रा को रोक कर वे रांची के लिए रवाना हो गए थे। झारखंड विधानसभा और बिहार उपचुनाव से निबटने के बाद तेजस्वी ने एक बार फिर कार्यकर्ता दर्शन यात्रा के लिए कमर कस लिया है।

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तेजस्वी यादव चार दिसंबर को मुंगेर से संवाद सह कार्यकर्ता दर्शन के चौथे चरण की शुरुआत करेंगे। वहां से पांच दिसंबर को बेगूसराय, छह दिसंबर को खगड़िया और सात दिसंबर को लखीसराय में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम बनाया गया है। लखीसराय के संवाद कार्यक्रम में शेखपुरा के कार्यकर्ता भी शामिल रहेंगे। इसके साथ ही, मुंगेर प्रमंडल में तेजस्वी की यात्रा का समापन हो जाएगा।

तेजस्वी यादव के कार्यकर्ता दर्शन यात्रा के पांचवें चरण का शेड्यूल जारी कर दिया गया है जो 15 दिसम्बर से सुपौल से उनकी यात्रा शुरू होगी। वे सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार होते हुए 22 दिसम्बर को भागलपुर में समाप्त होगा। विधानसभा चुनाव से पहले तेजस्वी यादव पूरे बिहार में भ्रमण कर अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जोश हाई करने का काम पूरा करने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *