मत्स्य पालकों को नई उड़ान, मुख्यमंत्री ने वितरित की आधुनिक उपकरण और सामग्री

रायपुर – सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सोमवार को कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर मत्स्य पालन विभाग द्वारा जिले के मत्स्य पालकों एवं मत्स्य व्यवसाय से जुड़े हितग्राहियों को आजीविका संवर्धन के लिए आधुनिक उपकरण एवं सामग्री प्रदान की गई।

आधुनिक संसाधनों से व्यापार में वृद्धि

मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम मालाकोट के श्री कमल सिंह नेताम और ग्राम जोबा के श्री नरेंद्र कश्यप को मोटर साइकिल और आइस बॉक्स प्रदान किए। इन संसाधनों से मत्स्य पालक अब अपनी मछलियों को दूरस्थ बाजारों तक सुरक्षित रूप से पहुँचा सकेंगे। इससे न केवल उनके व्यवसाय में गति आएगी, बल्कि मछलियों की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहेगी और उन्हें बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।

हितग्राहियों ने बताया कि पहले मछलियों के परिवहन और संरक्षण में कई कठिनाइयाँ आती थीं। अब आइस बॉक्स उपलब्ध होने से यह समस्या समाप्त होगी और मोटर साइकिल मिलने से परिवहन सरल एवं समय व लागत की बचत होगी।

आधुनिक जाल से बढ़ेगा उत्पादन

कार्यक्रम में ग्राम बड़ेकनेरा के श्री ललित बघेल और श्री रामलाल नेताम को मछली पकड़ने के लिए आधुनिक जाल वितरित किए गए। नए जाल से मत्स्य उत्पादन में वृद्धि होगी और व्यवसाय को और अधिक व्यवस्थित तथा लाभकारी बनाया जा सकेगा।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में पहल

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक व्यवसायों को आधुनिक संसाधनों से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि मत्स्य पालन आज ग्रामीण क्षेत्रों में आय का महत्वपूर्ण स्रोत बन गया है और सरकार इस क्षेत्र के हितग्राहियों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “हमारी योजनाओं का उद्देश्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके आय व जीवन स्तर में स्थायी सुधार लाना है।”

हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री और मत्स्य पालन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग उनके व्यवसाय के विस्तार और आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आधुनिक उपकरणों की मदद से वे अपने मत्स्य व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए आश्वस्त हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *