हमास में अब कौन लेगा याह्या सिनवार की जगह, इजरायल ने दी खौफनाक मौत

इजरायल ने हमास के टॉप लीडर याह्या सिनवार को ढेर कर दिया है। इजरायल का आरोप है कि याहया सिनवार ने ही बीते साल 7 अक्टूबर को हमले की पूरी साजिश रची थी और वह मास्टरमाइंड था। अब इजरायल ने 61 साल के याहया सिनवार को खत्म करके बड़ी सफलता का दावा किया है। इस बीच हमास का नेतृत्व अब कौन करेगा, इसकी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। याहया सिनवार ने हमास को बीते दो दशकों में मजबूत किया था और वह ईरान का बेहद करीबी था। ऐसे में अब उसके बदले में कौन नेतृत्व कर पाएगा, इसकी तलाश तेज है। फिलहाल इसके लिए कुछ नाम चर्चा में हैं।

याहया सिनवार की जगह महमूद अल-जाहर का नाम भी चर्चा में है। वह हमास का संस्थापक सदस्य रहा है। वह सिनवार से भी ज्यादा कट्टरपंथी माना जाता है। माना जाता है कि वह हमास का विचारक है, जो एक तरफ इजरायल के साथ हथियारबंद लड़ाई की बात करता है तो वहीं गाजा में शासन को लेकर भी नीतियां तय करता है। वह 2006 में गाजा में बनी हमास की सरकार का विदेश मंत्री रहा है। उस चुनावी जीत में जाहर का अहम रोल बताया जाता है।

याहया सिनवार का भाई मोहम्मद सिनवार भी उसकी जगह लेने की रेस में है। अपने भाई की तरह ही वह भी हमास की सेना में लंबे समय से सक्रिय रहा है। कहा जा रहा है कि वह भी अपने भाई याहया की तरह ही कट्टर है। उसके हमास की कमान संभालने को लेकर अमेरिका भी चिंता जता चुका है। अमेरिका का कहना है कि मोहम्मद सिनवार यदि लीडर बना तो फिर शांति वार्ता मुश्किल होगी। मोहम्मद सिनवार की खासियत यह है कि वह खुद को चर्चाओं से दूर रखता है। उसे भी कई बार इजरायल ने मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह हर बार बच निकला।

हमास का नेतृत्व संभालने की रेस में मूसा अबू मरजौक भी है। वह हमास के पॉलिटिकल ब्यूरो का वरिष्ठ सदस्य है। 1980 में फिलिस्तीन में सक्रिय मुस्लिम ब्रदरहुड से अलग होकर हमास का गठन करने में उसकी अहम भूमिका रही है। कगा जाता है कि वह हमास के वित्तीय मामलों को संभालता रहा है।

कतर में बैठा खलील अल-हय्या भी इस रेस में है। चर्चा है कि उसने ही इजरायल के साथ सीजफायर की चर्चाओं में हिस्सा लिया था। उसे बहुत हार्डलाइनर नहीं माना जाता है। ऐसे में यदि हमास जंग रोकने के लिए इजरायल के साथ बातचीत का इच्छुक होगा तो फिर अल-हय्या को भी कमान देने पर चर्चा हो सकती है। खलील अल-हय्या पर भी इजरायल ने 2007 में हमला किया था, जिसमें उसका पूरा परिवार खत्म हो गया था। लेकिन वह बच निकला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *