भिलाईनगर: भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) और सेल (SAIL) के लाखों कर्मचारियों के लिए एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है। सेल मैनेजमेंट ने बोनस के बहुप्रतीक्षित मुद्दे पर चर्चा के लिए आगामी 1 अक्टूबर को एनजेसीएस (NJCS) कोर कमेटी की बैठक बुलाई है। इस बैठक में तय होगा कि इस बार कर्मचारियों की झोली में कितना बोनस आने वाला है।
क्या कहता है बोनस का नया फॉर्मूला?
सेल मैनेजमेंट द्वारा 23 मार्च 2023 को तय किए गए एुअल सेल परफार्मेस लीक्ड इंसेंटिव स्कीम (ASPLIS) यानी बोनस के नए फॉर्मूले के मुताबिक, यदि इस बार आंकड़ों की गणना की जाए तो कर्मचारियों का बोनस राउंड फिगर में 30,200 रुपए बनता नजर आ रहा है।
चूंकि यह फॉर्मूला पांच वर्षों के लिए तय किया गया था और यह इसका पांचवां व अंतिम वर्ष है, इसलिए मैनेजमेंट इस फॉर्मूले में किसी भी बड़े बदलाव के मूड में बिल्कुल नहीं है। जानकारों का मानना है कि मैनेजमेंट ने अपने स्तर पर बोनस की राशि की गणना पहले ही कर ली है और इस बैठक का मुख्य उद्देश्य केवल यूनियन नेताओं के सामने इन आंकड़ों को रखकर सहमति की औपचारिकता पूरी करना है।
क्या बढ़ सकती है बोनस की राशि?
मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यूनियन नेता सीधे तौर पर दबाव बनाने की स्थिति में शायद ही रहें, क्योंकि फॉर्मूला पहले से तय है। हालांकि, बेहतर प्रोडक्शन परफार्मेस और कंपनी के मुनाफे का हवाला देते हुए यूनियन नेता मैनेजमेंट से बोनस राशि बढ़ाने का विशेष अनुरोध जरूर कर सकते हैं।
यदि मैनेजमेंट कर्मचारियों के प्रोत्साहन को ध्यान में रखते हुए इस अनुरोध को स्वीकार करता है, तो बोनस की राशि में 2 से 3 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी की उम्मीद की जा सकती है। यानी कुल मिलाकर BSP कर्मियों को इस बार 32,200 रुपए से लेकर 33,200 रुपए तक का बोनस मिलने की आस बंध सकती है।
नई दिल्ली में होगी हाई-लेवल मीटिंग
सेल मैनेजमेंट की ओर से इस अहम बैठक का आयोजन 1 अक्टूबर को दोपहर 01 बजे से नई दिल्ली के प्रतिष्ठित इंडिया हैबिटेट सेंटर में किया गया है। इस बैठक में केवल एनजेसीएस कोर कमेटी के चुनिंदा सदस्यों को ही आमंत्रित किया गया है, जहां आधिकारिक मुहर लगने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।