भानुप्रतापपुर। सुभाषपारा वार्ड क्रमांक 11 में हरिपद साहा परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन भक्तिमय वातावरण में जारी है। इसी कड़ी में 18 अप्रैल को कांकेर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी और नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर भागवत कथा का श्रवण किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कथा वाचक पंडित रमाकांत तिवारी एवं उपस्थित संतजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिसमें क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष नरोत्तम सिंह चौहान, जनपद सदस्य नारायणपुर मेडी वरुण खपार्डे, वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद रजिन्दर रंधावा, वार्ड क्रमांक 4 की पार्षद श्रीमती सुमित्रा साहू, वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद गुमान सिंह ठाकुर, वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद राजकुमार यादव, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री गुरूपाल सिंह रंधावा, नरेंद्र शर्मा, पूर्व पार्षद श्रीमती संध्या राममिलन साहू, राहुल शुक्ला और बंटी सचदेव सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण और भक्ति रस की सरिता ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रीमद भागवत कथा के माध्यम से समाज में सद्भाव, धर्म और संस्कार की भावना को जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है।